
अजय देवगन की विजय सालगांवकर वाली कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर सस्पेंस का खेल खेलने आ रही है। ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों के बीच एक्साइटेड लगातार बढ़ रही है और फिल्म की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, बॉक्स ऑफिस को लेकर भी उम्मीदें तेज हो गई हैं। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों से आगे की कहानी लेकर आ रही है। सबसे खास बात यह है कि रिलीज के लिए चुना गया गांधी जयंती का मौका फिल्म को शुरुआती कमाई के लिए मजबूत आधार दे सकता है। अब सवाल है कि विजय सालगांवकर की नई चाल टिकट खिड़की पर कितना बड़ा असर डालती है।
koimoi.com की रिपोर्ट के मुताबिक़, अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘दृश्यम 3’ पहले दिन नेट 35 से 40 करोड़ रुपए की कमाई कर सकती है। अगर फिल्म इस रेंज के करीब पहुंचती है, तो यह अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग में शामिल हो जाएगी। इतना ही नहीं, फिल्म के सामने अजय देवगन की सबसे बड़ी ओपनर ‘सिंघम अगेन’ के ओपनिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का भी मौका होगा। 'सिंघम अगेन' ने पहले दिन 43.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। यह अजय देवगन की अब तक की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म है। इतना ही नहीं, अगर ‘दृश्यम 3’ अनुमानित आंकड़े को छूती है तो 2026 की दूसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनर बन सकती है। अभी पहले पायदान पर ‘धुरंधर 2’ और दूसरे स्थान पर ‘बॉर्डर 2’ है। दोनों फिल्मों ने पहले दिन क्रमशः 102.55 करोड़ और 30 करोड़ रुपए कमाए थे।
2015 में आई पहली ‘दृश्यम’ ने बिना किसी बड़े शुरुआती बॉक्स ऑफिस उछाल के सफर शुरू किया था। निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 8.05 करोड़ रुपए नेट कमाए थे। इसके बाद 2022 में अभिषेक पाठक की ‘दृश्यम 2’ ने फ्रेंचाइजी की ताकत को नई ऊंचाई दी और ओपनिंग डे पर 15.38 करोड़ रुपए नेट जुटाए। दोनों फिल्मों की पहले दिन की कमाई जोड़ने पर कुल आंकड़ा 23.43 करोड़ रुपए बैठता है। मौजूदा अनुमान के हिसाब से ‘दृश्यम 3’ अकेले इस साझा आंकड़े को पार कर सकती है।
2 अक्टूबर का नेशनल हॉलिडे फिल्म के लिए सबसे बड़ा फायदा साबित हो सकता है। अनुमानित 35-40 करोड़ रुपए की ओपनिंग मिलने पर ‘दृश्यम 3’ अपनी पिछली दोनों फिल्मों की साझा ओपनिंग से करीब 11 से 16 करोड़ रुपए आगे निकल जाएगी। यह सिर्फ फ्रेंचाइजी का नया ओपनिंग रिकॉर्ड नहीं होगा, बल्कि अजय देवगन की सबसे मजबूत शुरुआती फिल्मों की लिस्ट में भी इसे बड़ी जगह मिल सकती है।
पहली फिल्म ने मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के दम पर अपनी पहचान बनाई थी, जबकि दूसरी किस्त तक आते-आते फ्रेंचाइजी का ब्रांड वैल्यू काफी बढ़ चुका था। अब तीसरे पार्ट के सामने चुनौती सिर्फ कहानी को आगे बढ़ाने की नहीं, बल्कि इसी बढ़ी हुई उम्मीद को बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड में बदलने की भी है। विजय सालगांवकर और उसके परिवार की कहानी से जुड़ी दर्शकों की लॉयल्टी, छुट्टी का फायदा और रिलीज से पहले बढ़ता बज—इन तीनों का असर पहले दिन साफ दिखाई दे सकता है।
'दृश्यम 3' में अजय देवगन, श्रिया सरन, तब्बू, इशिता दत्ता, प्रकाश राज, जयदीप अहलावत, मृणाल जाधव, सौरभ शुक्ला और कमलेश सावंत जैसे कलाकारों ने काम किया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।