Hanuman Ansh: बॉलीवुड के लिए केस स्टडी बनी हनुमान अंश, बजट से 25 गुना ज्यादा कमाई कर सबको चौंकाया

Published : Sep 01, 2026, 08:23 PM IST
Hanuman ansh case study

सार

Hanuman Ansh ने पॉजिटिव रिव्यू और माउथ पब्लिसिटी के दम पर बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की। 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने 25 दिनों में 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर हर किसी को चौंका दिया है।

Hanuman Ansh Box Office Collection: फिल्म 'हनुमान अंश' की कामयाबी ने हर किसी को चौंका दिया है। बिना किसी बड़ी स्टारकास्ट के इस मूवी ने बॉक्सऑफिस पर तहलका मचा दिया है। हालांकि, शुरुआत में फिल्म को दर्शक जुटाने के लिए बेहद संघर्ष करना पड़ा और किसी को इसके बारे में ज्यादा पता ही नहीं था, लेकिन रिलीज के 17वें दिन अचानक फिल्म को मिली बड़ी कामयाबी ने सबको चौंका दिया। हालात ये हैं कि इस मूवी की कमाई से हर कोई हैरान है और यह बॉलीवुड के लिए एक केस स्टडी बन चुकी है।

हनुमान अंश ने 25 दिन में की कितनी कमाई?

'हनुमान अंश' सिनेमाघरों में 7 अगस्त को रिलीज हुई थी। तब से अब तक यानी महज 25 दिन में फिल्म ने 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक, 25वें दिन फिल्म ने 6587 शो से ₹5.50 करोड़ की नेट कमाई की। इसके साथ ही, भारत में अब तक की कुल ग्रॉस कमाई ₹53.82 करोड़ और कुल नेट कमाई ₹45.63 करोड़ हो गई है। कम बजट और बिना बड़े सितारों वाली इस फिल्म की सफलता अब फिल्म इंडस्ट्री में एक केस स्टडी के तौर पर देखी जा रही है।

हनुमान अंश का बजट कितना है?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हनुमान अंश मूवी का बजट महज 2 करोड़ है, जबकि कमाई उसकी तुलना में 25 गुना हो चुकी है। हालांकि, ओपनिंग डे पर पहले शुक्रवार को फिल्म की कमाई महज 10 लाख रुपए थी। शनिवार-रविवार को इसमें तेजी आई और यह 20 और 30 लाख तक पहुंचीं। लेकिन उसके बाद कमाई में फिर गिरावट देखी गई।

17वें दिन हुआ चमत्कार और अचानक बढ़ी कमाई

रिलीज के 17वें दिन यानी तीसरे रविवार को फिल्म की कमाई में अचानक तेज उछाल देखा गया। इस दिन मूवी ने 2.20Cr का कलेक्शन किया। इसके बाद पॉजिटिव रिव्यू और माउथ पब्लिसिटी ने धीरे-धीरे फिल्म की तस्वीर बदल दी और कमाई में लगातार तेजी देखी जा रही है। 22वें दिन फिल्म ने ₹6.25Cr, 23वें दिन ₹9.25Cr और 24वें दिन ₹12.75Cr करोड़ का कलेक्शन किया।

मधुर भंडारकर ने की 'हनुमान अंश' की तारीफ

फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने 'हनुमान अंश' की तारीफ करते हुए कहा, थिएटर में फिल्म देखते हुए उन्हें शुद्ध सिनेमाई मैजिक महसूस हुआ। उनके मुताबिक, फिल्म देखते समय दर्शक स्क्रीन से चिपके नजर आए। उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन की भी तारीफ की। मधुर ने इसे ईमानदार और संवेदनशील बताया। फिल्म में नीम करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले एक्टर शोभिनव सत्य की एक्टिंग को भी खूब सराहा जा रहा है।

बिना बड़े स्टार्स की फिल्म बनी केस स्टडी

मधुर भंडारकर ने फिल्म की सफलता को फिल्म इंडस्ट्री के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कम बजट और बिना किसी बड़ी स्टारकास्ट वाली यह फिल्म एक केस स्टडी है। यह फिल्म साबित करती है कि अगर कहानी मजबूत हो और उसे बनाने वाली टीम को अपने काम पर पूरा भरोसा हो, तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़े बजट की फिल्मों को भी पीछे छोड़ सकती है।

नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है कहानी

'हनुमान अंश' की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है। फिल्म की कहानी विशाल चतुर्वेदी ने लिखी है और उन्होंने ही इसका डायरेक्शन भी किया है। फिल्म में आध्यात्मिकता और गुरु की शिक्षाओं से जुड़े पहलुओं को कहानी के माध्यम से पेश किया गया है। फिल्म में चंदन आनंद, शोभिनव सत्या, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, निखिल दुबे, राजीव मिश्रा, ऋषिकेश दुबे और विहान शेडगे ने काम किया है। करीब ढाई घंटे की इस मूवी में कोई भी जाना-माना एक्टर नहीं है, बावजूद इसके फिल्म ने टिकट खिड़की पर धूम मचा दी है।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

‘हनुमान अंश’ में किसने किया नीम करोली बाबा का रोल? फिल्म मिलने की कहानी कर देगी हैरान!
Hanuman Ansh ने चौथे सोमवार बना डाला कमाई का बड़ा रिकॉर्ड, 2 को छोड़ बॉलीवुड की हर फिल्म को पछाड़ा