
लंबे अंतराल के बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर दमदार वापसी की है। एक्टर ने अपनी नई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह ब्लैक वेस्ट, रिप्ड जींस और काउबॉय हैट में अपने फिट लुक और दमदार बॉडी को फ्लॉन्ट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, तस्वीरों से ज्यादा उनके पोस्ट के कैप्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। सलमान ने सिर्फ 'मातृभूमि' लिखा, जो उनकी अपकमिंग फिल्म का टाइटल है। इसके अलावा एक फोटो को लेकर कई लोगों ने कयास लगाया है कि सलमान स्मोकिंग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस ने 'मातृभूमि' की रिलीज डेट को लेकर सवालों की बौछार कर दी। इसी बीच फिल्म के CBFC सर्टिफिकेशन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रोडक्शन हाउस ने अपना आधिकारिक पक्ष साफ कर दिया।
सलमान खान ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपनी नई तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में वह ब्लैक वेस्ट, रिप्ड जींस और काउबॉय हैट में नजर आ रहे हैं। उनका फिट लुक और दमदार बाइसेप्स फैंस को काफी पसंद आए। पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन में लोगों ने उनकी फिटनेस, स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ की।
तस्वीरों के साथ सलमान खान ने सिर्फ 'मातृभूमि' लिखा। यही उनकी अगली फिल्म का टाइटल है, जिसकी रिलीज पहले अप्रैल में तय मानी जा रही थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया। कैप्शन देखते ही फैंस को लगा कि फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट जल्द आने वाला है। इसके बाद सोशल मीडिया पर रिलीज डेट को लेकर सवालों की बाढ़ आ गई।
एक यूजर ने लिखा, "मैं इसे एक बड़े संकेत के रूप में देख रहा हूं कि फिल्म का ट्रेलर जल्द आने वाला है, क्योंकि मैं इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।" दूसरे फैन ने लिखा, "कब होगी रिलीज?" एक अन्य यूजर ने पोस्ट किया, "ये फिल्म सिनेमाघरों में कब आ रही है? लग रहा है कि काफी दिनों बाद आपकी कोई धमाकेदार फिल्म देखने को मिलेगी।" इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फैंस अब फिल्म की आधिकारिक घोषणा और रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं।
सलमान खान की एक तस्वीर को देखकर लोग भड़क भी रहे हैं। वे कयास लगा रहे हैं कि इसमें उनके प्रिय भाईजान बीड़ी पी रहे हैं। मसलन एक यूजर ने लिखा है "बीड़ी पी रहा है।" एक यूजर का कमेंट है, "सिगरेट पी रहे हो, मुंह क्यों छुपा रहे हो।" एक यूजर ने लिखा,"नो स्मोकिंग।" एक यूजर ने लिखा, "माल कम फूंका करो भाई।" इसके अलावा कई लोग सलमान खान को धमकी देने वाले लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर मजे ले रहे हैं तो कई उनकी रिब्ड जींस को देखकर पूछ रहे हैं कि जब फटी पैंट ही पहननी है तो इतने पैसे कमाने का क्या फायदा। सभी कमेंट्स आप नीचे पोस्ट के कमेंट बॉक्स में पढ़ सकते हैं।
हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और फिल्म का सर्टिफिकेट रोक दिया गया है। हालांकि, बाद में इस दावे को पूरी तरह गलत बताया गया। सलमान खान फिल्म्स ने स्पष्ट किया, "यह दावा पूरी तरह गलत है कि 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को CBFC से कोई समस्या हुई है या फिल्म का प्रमाणपत्र रोक दिया गया है। फिल्म को अभी तक प्रमाणन के लिए CBFC के पास जमा ही नहीं कराया गया है। इसलिए ऐसी सभी रिपोर्टें पूरी तरह निराधार हैं। हम मीडिया संस्थानों और लोगों से अनुरोध करते हैं कि बिना पुष्टि की गई जानकारी साझा न करें। फिल्म से जुड़ा कोई भी आधिकारिक अपडेट केवल सलमान खान फिल्म्स अपने आधिकारिक माध्यमों से ही साझा करेगा।"
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।