
भाजपा सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने फ्रेंडशिप डे के मौके पर अपनी Gen-Z दोस्तों को शुभकामनाएं दी हैं। यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब कुछ दिन पहले ही उनके 'Generation Gutter' वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ी थी। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि जिम में उनकी दो Gen-Z लड़कियों से बातचीत हुई, जहां डिजिटल दौर, सोशल मीडिया, आजादी और जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। एक्ट्रेस ने कहा कि हर किसी को अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जीने का अधिकार है, लेकिन उस आजादी के साथ जवाबदेही भी उतनी ही जरूरी है।
कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि जिम में उनकी मुलाकात दो Gen-Z लड़कियों से हुई। उन्होंने लिखा, "आज जिम में मेरी मुलाकात दो Gen-Z लड़कियों से हुई, जिन्हें मैं जानती हूं। उन्होंने मुझसे कहा- 'कंग दीदी, हमारा जन्म डिजिटल दौर में हुआ है। सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम, डेटिंग ऐप्स, एआई जैसी चीजें हमारी जिंदगी का हिस्सा हैं। हममें से ज्यादातर लोग इन्हें इस्तेमाल करते हैं और कुछ लोग इनके बिना अलग तरह से जी भी नहीं सकते। हर कोई अपनी जिंदगी अपनी मर्जी से जीने की आजादी चाहता है।'"
यह भी पढ़ें : 'किसी महिला को इस तरह...', ऋतिक रोशन पर क्यों भड़कीं कंगना रनौत
कंगना ने बताया कि उन्होंने उन लड़कियों से कहा, "मैंने उन जिज्ञासु लड़कियों से कहा कि हां, आप अपनी जिंदगी अपनी मर्जी से जीने के लिए आजाद हैं, जब तक कि आप किसी और के बच्चों को चट्टान से नीचे नहीं फेंकतीं या उनके कई टुकड़े नहीं कर देतीं।" उन्होंने आगे लिखा, "आज के समय में उदार सोच और परंपरागत सोच के बीच कई टकराव देखने को मिल रहे हैं। कई बेगुनाह बच्चों की जान जा रही है, जो हमारे लिए चिंता का विषय है। उन लड़कियों ने भी माना कि आजादी के साथ जिम्मेदारी जरूरी है। मेरी सभी Gen-Z दोस्तों को फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं। शांति बनाए रखें।"
फ्रेंडशिप डे पोस्ट से कुछ दिन पहले कंगना ने Cockroach Janta Party (CJP) के बैनर तले हुए छात्र प्रदर्शनों पर रिएक्शन देते हुए कई इंस्टाग्राम पोस्ट साझा की थीं। उन्होंने प्रदर्शन के वीडियो को "उल्टी जैसा महसूस कराने वाला" बताया था और सवाल किया था, "इन बच्चों को जन्म कौन दे रहा है और पाल कौन रहा है?" इसी दौरान उन्होंने कुछ युवाओं के लिए "Generation Gutter" शब्द का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तगड़ी बहस हुई थी।
यह भी पढ़ें : 'बुर्का पहनने वाली एक भी लड़की...' रुचिका सिंह का माफी वीडियो देख कंगना रनौत ने दी बड़ी सलाह
अपने पोस्ट में कंगना ने आरोप लगाया था कि कुछ युवा गालियों को गर्व से इस्तेमाल करते हैं और नशा, शराब तथा गैर-जिम्मेदार जीवनशैली को आजादी का नाम देते हैं। उन्होंने तथाकथित 'पश्चिमी सोच' अपनाने वाली भारतीय महिलाओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग करियर की आजादी तो चाहते हैं, लेकिन उसके साथ आने वाली जिम्मेदारियां स्वीकार नहीं करना चाहते। कंगना ने प्रदर्शनकारियों के संगठन के नाम पर भी टिप्पणी करते हुए लिखा, "आप खुद को कॉकरोच कहते हैं और वैसे ही दिखते और व्यवहार भी करते हैं।" एक अन्य पोस्ट में उन्होंने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर रिएक्ट करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा था, "अगर आप सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाएंगे, तो जनता भी आपको जवाब देगी।" इसके साथ उन्होंने न्यूटन के तीसरे नियम का जिक्र करते हुए लिखा, "हर क्रिया की बराबर और विपरीत प्रतिक्रिया होती है।"
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।