
Toxic Tabahi Song Kiara Advani: बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी इन दिनों फिल्म 'टॉक्सिक' के पहले गाने 'तबाही' को लेकर चर्चा में हैं। गाने में अभिनेता यश के साथ उनके इंटीमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी आलोचना की। कई यूजर्स ने शादीशुदा और मां होने के नाते उनके फैसलों पर सवाल उठाए। वहीं, इसी तरह के सीन्स करने वाले यश को कियारा की तुलना में कम आलोचना का सामना करना पड़ा।
'युवा' के शो 'बी ए मैन, यार!' में बातचीत के दौरान होस्ट निखिल तनेजा ने इस मुद्दे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'तबाही' गाने में इंटीमेट सीन्स के लिए कियारा को यश की तुलना में ज्यादा ट्रोल किया गया, जबकि दोनों ही शादीशुदा हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हुमा कुरैशी ने कहा कि यह रवैया गलत है। उन्होंने कहा, "यह बहुत गलत और घिनौनी बात है। मुझे लगता है कि इस फिल्म से जुड़ी महिलाओं, चाहे वे एक्ट्रेस हों या डायरेक्टर, आखिर में वही जीतेंगी। हर बात का जवाब देने से लोगों की सोच नहीं बदलती। बेहतर है कि फिल्म खुद अपनी बात कहे।"
इस चर्चा के दौरान हुमा कुरैशी के भाई साकिब सलीम ने भी सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "ये लोग आखिर हैं कौन? मुझे लगता है कि दुनिया बहुत अच्छी जगह है, लेकिन इंटरनेट हमेशा वैसा नहीं होता।"
'टॉक्सिक' का पहला गाना 'तबाही' रिलीज होने के बाद कियारा आडवाणी को उनके ऑन-स्क्रीन इंटीमेट और सेंसुअल सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर कई आलोचनात्मक और आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। बाद में यह ट्रोलिंग सिर्फ कियारा तक सीमित नहीं रही। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के इंस्टाग्राम पोस्ट पर भी टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। मामला धीरे-धीरे फिल्म से आगे बढ़कर उनकी पर्सनल लाइफ और शादी पर टिप्पणियों तक पहुंच गया।
फिल्म 'टॉक्सिक' में काम कर रहे ब्रिटिश अभिनेता बेनेडिक्ट गैरेट ने भी कियारा आडवाणी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "यश भी शादीशुदा हैं और उनके भी बच्चे हैं। फिर सिर्फ महिला को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है, जबकि पुरुष की तारीफ हो रही है? दोनों कलाकार हैं और उनका काम किरदार निभाना है। वे ऐसी कहानियां पेश करते हैं जो इंसानी अनुभवों को दिखाती हैं।" उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि 'तबाही' गाने पर हो रही प्रतिक्रिया कलाकारों से ज्यादा समाज की सोच को दर्शाती है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' एक एक्शन फिल्म है। इस फिल्म के जरिए यश 'KGF' सीरीज के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। 'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' के नाम से प्रमोट की जा रही यह फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।