
25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई पौराणिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक असर नहीं छोड़ सकी। अब फिल्म के निर्माता प्रकाश महोबिया ने इसके कमजोर प्रदर्शन की वजह को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका आरोप है कि फिल्म के खिलाफ यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए कथित तौर पर नेगेटिव कैंपेन चलाया गया। हालांकि, उन्होंने किसी फिल्म की टीम पर सीधे तौर पर आरोप लगाने से इनकार किया है। इसी बीच मेकर्स ने फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना भी बताई है। आखिर निर्माता ने क्या कहा और दोबारा रिलीज की तैयारी क्यों हो रही है?
निर्माता प्रकाश महोबिया ने दावा किया कि फिल्म के खिलाफ ऑनलाइन नेगेटिव पब्लिसिटी कराई गई। उनके मुताबिक, यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर कथित तौर पर गलत जानकारी फैलाकर लोगों से फिल्म नहीं देखने की अपील की गई। उन्होंने कहा, “हमें जो बताया गया है, उसके मुताबिक इसी विषय पर कुछ और फिल्में आने वाली हैं, जो बड़े बजट की फिल्में हैं। जहां तक हमें पता है, यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और दूसरे लोगों को काफी नेगेटिव मार्केटिंग के मौके दिए गए हैं। वे गलत जानकारी फैला रहे हैं और लोगों से हमारी फिल्म न देखने के लिए कह रहे हैं।”
महोबिया ने आगे कहा, “पूरी तरह नेगेटिव मार्केटिंग थी। हमें अपने दर्शकों तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला। जिन्होंने हमारी फिल्म देखी, उन्हें फिल्म बहुत पसंद आई। लेकिन अगर उन्होंने फिल्म देखी ही नहीं, तो वे अपनी राय कैसे बनाएंगे?” हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ की टीम पर सीधे आरोप लगा रहे हैं, तो उन्होंने साफ आरोप लगाने से बचते हुए कहा, “मैं पक्के तौर पर नहीं जानता, लेकिन हमें यही बताया जा रहा है।”
प्रकाश महोबिया का दावा है कि उनकी फिल्म का ऐलान रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ से पहले हो चुका था। उन्होंने बताया कि उनकी टीम दूसरे प्रोजेक्ट के अनाउंसमेंट से पहले ही शूटिंग शुरू कर चुकी थी और सिनेमाघरों में रिलीज की तैयारी कर रही थी।
कमजोर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के बावजूद फिल्म की टीम अब इसे री रिलीज करने की तैयारी में है। हालांकि, नई रिलीज डेट अभी तय नहीं हुई है। निर्माता ने बताया कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से दर्शकों का फीडबैक लिया गया, जहां फिल्म देखने वाले लोगों की प्रतिक्रिया पॉजिटिव होने का दावा किया गया। फिलहाल रीशूट की योजना नहीं है और फिल्म को लगभग मौजूदा रूप में ही दोबारा रिलीज किए जाने की बात कही गई है।
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में देव शर्मा ने भगवान राम, अंजलि अरोड़ा ने सीता और राजनेश दुग्गल ने अहम भूमिका निभाई है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ‘रामायण’ के मेकर्स की ओर से इन आरोपों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।