
Mamta Kulkarni on Ranaji 2.0: राकेश रोशन की सुपरहिट फिल्म 'करण अर्जुन' का मशहूर गाना 'मुझको राणाजी माफ करना' आज भी दर्शकों के बीच बेहद पॉपुलर है। अब इस गाने को 'राणाजी 2.0' के रूप में नए अंदाज में पेश किया गया है। इस नए वर्जन में माहिरा शर्मा नजर आ रही हैं, जबकि इसकी कोरियोग्राफी रेमो डिसूजा ने की है। गाने के नए वर्जन पर ओरिजिनल गाने की स्टार ममता कुलकर्णी का रिएक्शन आया है।
'वैरायटी इंडिया' से बातचीत में ममता कुलकर्णी ने कहा कि माहिरा शर्मा ने नए गाने में अच्छा काम किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि दोनों गानों का अंदाज पूरी तरह अलग है। ममता के मुताबिक, ओरिजिनल गाना भारतीय संस्कृति की झलक लिए हुए था, जिसमें घाघरा-चोली और पारंपरिक डांस स्टाइल थी। वहीं, नए वर्जन को वेस्टर्न लुक और वेस्टर्न डांस स्टाइल के साथ तैयार किया गया है। इसलिए दोनों की तुलना करना आसान नहीं है। ममता ने कहा, करण-अर्जुन फिल्म का 'मुझको राणाजी माफ करना' कई सालों से लोगों के दिलों और यादों में बसा हुआ है, इसलिए उसे भूल पाना आसान नहीं है।
ममता कुलकर्णी ने ओरिजिनल गाने की शूटिंग और रिहर्सल का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि इस गाने के कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश थे। शुरुआत में दो से तीन दिन की रिहर्सल तय की गई थी, लेकिन उन्होंने पहले ही दिन सभी स्टेप्स सीख लिए थे। हालांकि, जब वह शूटिंग के लिए सेट पर पहुंचीं तो डांस स्टेप्स बदल दिए गए थे। ममता ने बताया कि उन्होंने इस बारे में चिन्नी प्रकाश से सवाल भी किया था। इसके बावजूद पूरी टीम ने मिलकर समय पर गाने की शूटिंग पूरी कर ली।
ममता कुलकर्णी ने फिल्म 'करण अर्जुन' की म्यूजिकल सफलता का श्रेय निर्देशक राकेश रोशन को दिया। उन्होंने कहा कि 'जय मां काली' जैसे गानों की शूटिंग काफी चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि उसमें बड़ी संख्या में डांसर शामिल थे। इतने बड़े स्तर पर गानों और फिल्म की शूटिंग को सफलतापूर्वक पूरा करना आसान नहीं था। ममता के मुताबिक, राकेश रोशन की मेहनत और निर्देशन की वजह से फिल्म के सभी गाने—'जय मां काली', 'भांगड़ा पा ले', 'एक मुंडा मेरी उम्र दा' और 'मुझको राणाजी माफ करना'दर्शकों के बीच सुपरहिट साबित हुए।
ममता कुलकर्णी ने कहा कि आज उनकी सोच पहले से काफी बदल चुकी है। उन्होंने बताया कि अब वह आध्यात्मिक जीवन की ओर अग्रसर हैं और इसी वजह से किसी भी प्रोजेक्ट को चुनने से पहले उसके विषय और गानों के बोलों पर विशेष ध्यान देंगी। उन्होंने कहा कि आज वह 'मुझको राणाजी माफ करना' जैसे बोल वाले गाने शायद न करें। पहले उनका पूरा ध्यान डांस और परफॉर्मेंस पर रहता था, लेकिन अब वह यह भी देखती हैं कि गाने का संदेश और बोल उनके विचारों के अनुरूप हैं या नहीं।उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अपने करियर के शुरुआती दौर में वह कम उम्र की थीं और उस समय उनका ध्यान सिर्फ बेहतर डांस करने पर होता था। अब अनुभव और आध्यात्मिक सोच के साथ उनकी प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं।
लंबे समय से फिल्मों से दूर रहीं ममता कुलकर्णी ने अपनी वापसी को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें अभिनय के कई ऑफर मिल रहे हैं। अगर उन्हें कोई ऐसी कहानी या स्क्रिप्ट मिलती है जो उन्हें सच में पसंद आए, तो वह फिल्मों में वापसी करने के लिए तैयार हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।