
पूर्व मिस वर्ल्ड और एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर ने कथित NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए भावुक नोट में उन्होंने बताया कि 2015 में मेडिकल प्रवेश परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की वजह से उन्हें भी परीक्षा दोबारा देनी पड़ी थी। मानुषी ने कहा कि किसी छात्र से 'फिर से परीक्षा दे दो' कहना बेहद आसान है, लेकिन उसके पीछे वर्षों की मेहनत, परिवार के त्याग और सपनों का दर्द छिपा होता है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, संवेदनशीलता और सार्थक सुधार की जरूरत पर जोर दिया।
इंस्टाग्राम पर मानुषी छिल्लर ने लिखा, "मेरा हमेशा से मानना रहा है कि एक असमान दुनिया में शिक्षा सबसे बड़ा बराबरी का माध्यम होती है।" उन्होंने आगे लिखा, "जो लोग कह रहे हैं कि 'बस दोबारा परीक्षा दे दो', वे असली बात समझ ही नहीं रहे। हमें संवेदनशील होना होगा। मैंने भी 2015 में पेपर लीक की वजह से यही परीक्षा दो बार दी थी। यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं होती, बल्कि वर्षों की मेहनत, जागकर बिताई गई रातों, त्याग और सपनों का प्रतिनिधित्व करती है।"
यह भी पढ़ें : NEET पेपर लीक प्रोटेस्ट: करीना कपूर बोलीं- 'अब चुप नहीं रह सकती', आलिया भट्ट का भी छलका दर्द!
मानुषी ने मेडिकल छात्र के तौर पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा, "डॉक्टर बनने के सपने की असली कीमत तब समझ आती है, जब आप किसी कोचिंग सेंटर में उन परिवारों को देखते हैं जिन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए अपनी क्षमता से बढ़कर कर्ज लिया होता है या उन छात्रों को देखते हैं जो वर्षों तक इस परीक्षा को पास करने की कोशिश करते रहते हैं।" उन्होंने कहा कि लाखों छात्र शिक्षा को अपनी जिंदगी बदलने का सबसे बड़ा जरिया मानते हैं, इसलिए इस सफर में आने वाली ऐसी बाधाएं बेहद पीड़ादायक होती हैं।
मानुषी ने साफ किया कि जवाबदेही मांगना किसी देश या संस्थान के खिलाफ होना नहीं है। उन्होंने लिखा, "यह हमारे देश या हमारी संस्थाओं के खिलाफ होने की बात नहीं है। यह इस विश्वास की बात है कि वे और बेहतर बन सकती हैं।" उन्होंने कहा कि हर पीढ़ी की जिम्मेदारी होती है कि वह अपने हिस्से की व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत बनाकर आगे बढ़ाए। अपने नोट के आखिर में उन्होंने लिखा, "मुझे भारत पर भरोसा है। मुझे हमारे लोकतंत्र पर भरोसा है। और मुझे विश्वास है कि सबसे मजबूत समाधान संवाद, संवैधानिक प्रक्रियाओं और आपसी सम्मान से ही निकलते हैं।" उन्होंने लोगों से अपील करते हुए लिखा, "संवेदनशीलता हमारा मार्गदर्शन करे। समझदारी हमें एकजुट करे। और हम कभी न भूलें कि हमारे युवा ही हमारा भविष्य हैं।"
यह भी पढ़ें : 'धुरंधर' की एक्ट्रेस पहले अरेस्ट हुई, फिर मिली करियर ख़त्म करने की धमकी, अब दिया करारा जवाब
‘सम्राट पृथ्वीराज’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं मानुषी छिल्लर हरियाणा के सोनीपत स्थित भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज में MBBS की स्टूडेंट रह चुकी हैं। हालांकि, मॉडलिंग और एक्टिंग में करियर बनाने के लिए उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई को होल्ड पर रख दिया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।