बेंगलुरु में 'Dar-e-Nijaat' की स्क्रीनिंग रद्द होने पर मिशी खान ने विरोध करने वालों को आड़े हाथों लिया। उनके वीडियो में ऐसा क्या था, जिसने भारत-पाकिस्तान कंटेंट बहस को फिर भड़का दिया?
पाकिस्तानी ड्रामों की लोकप्रियता और भारत में उनके विरोध को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। इस बार मामला बेंगलुरु में एक पाकिस्तानी सीरियल की स्क्रीनिंग रद्द होने से जुड़ा है, जिस पर पाकिस्तान की एक जानी-मानी एक्ट्रेस ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए विरोध करने वालों की सोच पर सवाल उठाए और यहां तक कह दिया कि लोगों के पास इससे भी बड़े मुद्दे हैं। उनके इस बयान के बाद अब यह विवाद सिर्फ एक सीरियल की स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं रह गया है।
'एक ड्रामे से डर गए हैं आप लोग : मिशी खान
पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान ने तिलमिलाते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'Dar-e-Nijaat rocked and India is shocked', यानी 'दर-ए-निजात ने धूम मचा दी और भारत हैरान रह गया।'
वीडियो में वह बकवास करती सुनाई दे रही हैं। वे कह रही हैं, "मतलब आप लोगों के पास चर्चा करने के लिए और मुद्दे नहीं हैं, जो आप एक ड्रामे से डर गए हैं?"
इसी वीडियो में मिशी ने आगे कहा है, "मोदी सरकार के पास कोई और काम नहीं है 'दर-ए-निजात' और नेटफ्लिक्स को बैन करने के सिवाय। कम ऑन गाइज आप लोगों के पास हल करने के लिए और भी बड़े मुद्दे हैं।"
मिशी का कहना है कि किसी टीवी सीरियल को लेकर इतना विरोध करना समझ से बाहर है। उनके मुताबिक, दर्शकों को अपनी पसंद का कंटेंट देखने की आजादी होनी चाहिए और सिर्फ किसी देश से जुड़े होने के कारण किसी शो को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
शो की स्क्रीनिंग रद्द होने पर क्या बोलीं मिशी खान?
दरअसल, बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-निजात' की दो प्राइवेट स्क्रीनिंग होस्ट करने का प्लान बनाया गया था। इनमें से पहली स्क्रीनिंग 28 नवंबर को फ्रेजर टाउन के Sheesh Kebab में होनी थी, जबकि दूसरी 5 दिसंबर को एक प्राइवेट थिएटर में रखी गई थी।
इन कार्यक्रमों के पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो विवाद शुरू हो गया। खासकर निमंत्रण में पाकिस्तानी कपड़े पहनने का ड्रेस कोड लिखे होने पर लोगों ने आपत्ति जताई। ऑनलाइन विरोध के बाद दोनों आयोजकों ने कार्यक्रम रद्द कर दिए।
मिशी ने अपनी वीडियो में दावा किया कि कई लोग इस आयोजन का इंतजार कर रहे थे। उन्हें शो की स्टारकास्ट और कहानी पसंद आ रही थी और कुछ दर्शक तो स्क्रीनिंग में पाकिस्तानी कपड़े पहनकर आने की तैयारी भी कर रहे थे।
मिशी खान बोलीं- पुराना घिसा-पिटा शो कब तक चलाएंगे?'
मिशी ने अपने वीडियो में विरोध करने वालों पर एक और तंज कसा। उन्होंने कहा, "यार, आप लोगों का घिसा-पिटा शो कब से चल रहा है? चलने दीजिए, 'दर-ए-निजात' के एपिसोड देखने दीजिए। लोग इसे पसंद कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि जब नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर कई ऐसे शो मौजूद हैं, जिनकी भाषा को वह आपत्तिजनक मानती हैं, तो फिर पाकिस्तानी कंटेंट को ही अलग से निशाना क्यों बनाया जा रहा है?
मिशी ने कहा कि दर्शकों को खुद तय करने देना चाहिए कि वे क्या देखना चाहते हैं। अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने कहा, "चलने दीजिए न यार, क्या परेशानी है? रिलैक्स कीजिए, थोड़ा शांत रहिए।"
फवाद खान की सीरीज पर भी बढ़ा विवाद
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक दूसरी पाकिस्तानी सीरीज 'Jo Bachay Hain Sang Samait Lo' भी चर्चा में है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इसकी भारत में Netflix रिलीज रोकने की मांग की है।
इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर जैसे कलाकार हैं। इसकी प्रस्तावित ग्लोबल रिलीज 4 दिसंबर 2026 है। हालांकि, यह विवाद 'Dar-e-Nijaat' से अलग है।
फिलहाल मिशी खान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। एक तरफ लोग पाकिस्तानी कंटेंट के विरोध को सही ठहरा रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ दर्शक मनोरंजन को राजनीति से अलग रखने की बात कर रहे हैं। ऐसे में यह विवाद आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।