
दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान के निधन की खबर ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को भावुक कर दिया है। उनके जाने के बाद अनूपम खेर, राजपाल यादव, अनीस बज्मी और संजय मिश्रा समेत कई कलाकारों ने उनसे जुड़ी यादें साझा कीं। सबसे भावुक करने वाली बात राजपाल यादव की पोस्ट से सामने आई, जिसमें उन्होंने बताया कि निधन से महज दो घंटे पहले ही उन्होंने मुश्ताक से मुलाकात की थी। वहीं ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी एक्टर को याद करते हुए बताया कि दोनों जल्द ही एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करने वाले थे। मुश्ताक का फिल्मी सफर चार दशक से ज्यादा लंबा रहा।
राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर मुश्ताक खान के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि वह उनके निधन से करीब दो घंटे पहले उनसे मिलने गए थे। उन्होंने लिखा, “आज दोपहर मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया था, उनसे बात की; उन्होंने मुझे देखा, मेरा हाथ मिलाया और हमारी सारी बातचीत सुन रहे थे और उस पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि जिस व्यक्ति से मैं दो घंटे पहले मिला था, जिस व्यक्ति से मैंने हाथ मिलाया था, वह अब हमारे बीच नहीं है। हम सभी सर्वशक्तिमान के फैसले के आगे नतमस्तक हैं। मुश्ताक भाई एक लोकप्रिय इंसान और एक्टर थे, हैं और हमेशा रहेंगे। भारी मन से आपको भावपूर्ण श्रद्धांजलि देता हूं।”
मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि देते हुए ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने एक अहम जानकारी साझा की। विशाल ने मुश्ताक की तस्वीर पोस्ट करते हुए बताया कि दोनों जल्द ही एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करने वाले थे। उन्होंने लिखा, “हम जल्द साथ काम करने वाले थे, मुश्ताक जी। आप क्या शानदार एक्टर थे, आपने कैसी विरासत छोड़ी है! ॐ शांति।” इस खुलासे से यह भी पता चलता है कि निधन से पहले मुश्ताक एक नए प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने वाले थे।
मुश्ताक खान के निधन पर ‘वेलकम’ के निर्देशक अनीस बज्मी भी बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मुश्ताक भाई (मेरे बालू) के निधन से स्तब्ध और नि:शब्द हूं। वह वास्तव में एक शानदार कलाकार और खूबसूरत इंसान थे। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार व प्रियजनों को यह दुख सहने की ताकत दे।” ‘वेलकम’ में मुश्ताक ने ‘बालू’ का यादगार किरदार निभाया था, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।
मुश्ताक खान कैंसर से जूझ रहे थे और गंभीर हालत में मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें ICU में रखा गया था। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने एचटी सिटी को बताया कि मुश्ताक का निधन गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ। उनके मुताबिक, एक्टर को पहले लंग कैंसर का पता चला था और वह इलाज के बाद ठीक भी हुए थे। लेकिन करीब आठ दिन पहले बीमारी दोबारा लौट आई, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। शिवम ने इसे कैंसर की आखिरी स्टेज बताया।
मुश्ताक खान ने 1980 में ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से स्क्रीन डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में कई यादगार सपोर्टिंग और कैरेक्टर रोल निभाए। ‘वेलकम’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में उनके किरदार दर्शकों को याद रहे। खासतौर पर ‘वेलकम’ के बालू ने उनकी पहचान को अलग मुकाम दिया। उनके निधन के साथ हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने दशकों तक छोटे-बड़े किरदारों से अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।