Prince William:धर्मा प्रोडक्शंस पहुंचे प्रिंस विलियम, करण जौहर ने किया खास स्वागत; 'शावा-शावा' पर झूमे डांसर्स

Bimla Kumari   | ANI
Published : Nov 18, 2026, 01:33 PM IST
Karan Johar with Prince William (Photo/ANI)

सार

प्रिंस विलियम ने मुंबई में धर्मा प्रोडक्शंस का दौरा किया। फिल्म निर्माता करण जौहर ने इसे अपने लिए बड़ा सम्मान बताया है। इस मौके पर प्रिंस ने भारतीय सिनेमा की खूब तारीफ की।

मुंबई: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम इन दिनों भारत दौरे पर हैं। अपने मुंबई दौरे के दौरान उन्होंने बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस का दौरा किया। इस खास मुलाकात को करण जौहर ने अपने लिए बड़ा सम्मान और सौभाग्य बताया। इस मौके पर बॉलीवुड के स्टार कपल करीना कपूर खान और सैफ अली खान भी मौजूद रहे।

ANI से बातचीत में करण जौहर ने प्रिंस विलियम के साथ हुई मुलाकात का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रिंस बेहद दयालु, मिलनसार और गर्मजोशी से मिलने वाले इंसान हैं। करण के मुताबिक, प्रिंस विलियम को भारतीय सिनेमा और दुनियाभर में इसकी बढ़ती लोकप्रियता में काफी दिलचस्पी है।

भारतीय फिल्मों की ग्लोबल पहुंच पर हुई चर्चा

करण जौहर ने बताया कि प्रिंस विलियम ने भारतीय सिनेमा की ताकत और अलग-अलग भारतीय भाषाओं में बनने वाली फिल्मों को दुनिया भर में मिल रहे प्यार पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रिंस को भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहुंच के बारे में जानने में काफी रुचि थी।

करण ने इस मुलाकात को शानदार अनुभव बताते हुए कहा कि धर्मा प्रोडक्शंस में हिज रॉयल हाईनेस का स्वागत करना उनके लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है।

शावा-शावा' पर डांस ने बनाया माहौल

प्रिंस विलियम के स्वागत के लिए धर्मा प्रोडक्शंस में खास सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान डांसर्स ने करण जौहर की साल 2001 में आई सुपरहिट फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के लोकप्रिय गाने 'शावा-शावा' पर शानदार प्रस्तुति दी।

पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने अपने डांस से माहौल को खुशनुमा बना दिया। प्रिंस विलियम ने भी इस प्रस्तुति का आनंद लिया। इस कार्यक्रम में करीना कपूर खान और सैफ अली खान की मौजूदगी ने बॉलीवुड और ब्रिटिश शाही परिवार की इस मुलाकात को और खास बना दिया।

अर्थशॉट प्राइज 2026 के लिए भारत आए हैं प्रिंस विलियम और केट

प्रिंस विलियम अपनी पत्नी प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन के साथ अर्थशॉट प्राइज 2026 के सिलसिले में भारत आए हैं। मुंबई दौरे के दौरान शाही जोड़े ने 17 नवंबर को आयोजित अर्थशॉट प्राइज समारोह में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले इनोवेटर्स के साथ मनोरंजन, खेल और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।

इससे पहले शाही जोड़े ने मुंबई के लोअर परेल स्थित चाणक्य स्कूल ऑफ क्राफ्ट का दौरा किया। यहां उन्होंने सस्टेनेबल टेक्सटाइल से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

सचिन के साथ गली क्रिकेट से लेकर मेट्रो सफर तक

मुंबई दौरे के दौरान प्रिंस विलियम का कार्यक्रम काफी दिलचस्प रहा। उन्होंने बैलार्ड एस्टेट में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला। इसके अलावा उन्होंने मुंबई मेट्रो में सफर भी किया और अर्थशॉट प्राइज इम्पैक्ट असेंबली में हिस्सा लिया।

मंगलवार को प्रिंस विलियम और केट मिडलटन बांद्रा रिक्लेमेशन गार्डन भी पहुंचे। यहां प्रिंस ने महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर को खुद चलाया, जबकि केट उनके साथ बैठी नजर आईं। इस दौरान उन्होंने अर्थशॉट प्राइज 2026 के दुनियाभर से आए 15 फाइनलिस्ट से भी बातचीत की।

महिंद्रा ने जीता अर्थशॉट प्राइज 2026

मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह में भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़ी कोशिशों को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड ने 'क्लीन आवर एयर' कैटेगरी में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता। कंपनी इस साल के पांच विजेताओं में शामिल रही।

गौरतलब है कि प्रिंस विलियम ने साल 2020 में अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य दुनिया की बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए नए और प्रभावी विचारों को प्रोत्साहित करना है। इस पुरस्कार के प्रत्येक विजेता को अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपये की ग्रांट दी जाती है।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

जावेद अख्तर को भारी पड़ी भगवान राम की प्रशंसा, भड़के मौलाना ने दे डाली एक बड़ी सलाह
Uorfi Javed New Look: पैपराजी के सामने उर्फी जावेद ने फाड़े कपड़े, फिर दिखाया नया हॉट अवतार!