
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त एक्साइटमेंट है। अब फिल्म की स्क्रीनिंग देखने का दावा करने वाली अमेरिका की एक एक्स यूजर का रिएक्शन चर्चा में है। उनकी बातों ने फिल्म की कहानी, संगीत और विजुअल्स को लेकर नई बहस छेड़ दी है। कुछ पहलुओं की तारीफ हुई, तो कुछ पर सवाल भी उठे। खास तौर पर एक ऐसी कमी का जिक्र हुआ, जो भारतीय फिल्मों को विदेशों में देखने वाले दर्शकों के लिए मायने रखती है। आखिर इस शुरुआती रिव्यू में क्या सामने आया?
अमेरिका में रहने वाली प्रियाा मैथ्यू नाम की एक्स यूजर के मुताबिक, उन्होंने इसी हफ्ते फिल्म की स्क्रीनिंग देखी। बताया जा रहा है कि इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने यह स्क्रीनिंग होस्ट की थी। इसके बाद प्रियाा ने अपना अनुभव शेयर किया और दूसरे यूजर्स उनसे फिल्म के बारे में सवाल पूछने लगे। उन्होंने लिखा, “मैंने इस हफ्ते फिल्म देखी। ज्यादातर हिस्से मुझे पसंद आए, लेकिन अंग्रेजी डबिंग मुझे अच्छी नहीं लगी। मैंने इस बारे में सोनी को भी बताया। मैं फिल्में उनकी मूल भाषा में देखना ज्यादा पसंद करूंगी। इस मामले में हिंदी, जिसे मैं वैसे भी समझती हूं।”
जब एक यूजर ने पूछा कि क्या फिल्म की कहानी से उनका भावनात्मक जुड़ाव हुआ, तो प्रिया ने जवाब दिया, “हां, हुआ। मैं कहानी से जुड़ाव महसूस कर पाई। यह भावुक करने वाली और दमदार थी। मुझे इसका संगीत भी बहुत पसंद आया।” उन्होंने आगे कहा, “एआर रहमान का भारतीय संगीत मुझे हंस जिमर के संगीत वाले हिस्सों से कहीं ज्यादा पसंद आया। मुझे लगता है कि अंग्रेजी वर्जन में कुछ गाने काट दिए गए थे।”
फिल्म में भगवान हनुमान की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहानी के अहम हिस्से का खुलासा करने से परहेज किया। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म देखते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। हालांकि, उन्होंने इसे 3डी या आईमैक्स में नहीं देखा था और उनके मुताबिक अंग्रेजी वर्जन में पूरे गाने नहीं थे।
फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर बात करते हुए प्रिया ने उन्हें प्रभावशाली बताया, लेकिन कुछ एक्शन सीक्वेंस उन्हें एआई से तैयार किए गए जैसे लगे। बजट और भव्यता की तुलना पर उन्होंने कहा, “खैर, मैं यह नहीं कहूंगी कि यह पूरी तरह ‘द ओडिसी’ के बराबर है। उस फिल्म में बड़े सितारों की पूरी टीम थी और उसके साथ एक बेहद मशहूर निर्देशक जुड़े थे। यह बात उसके काम में दिखाई देती थी। मुझे ‘रामायण’ पसंद आई, लेकिन मेरे हिसाब से ‘आरआरआर’ इससे बेहतर फिल्म थी।”
जब प्रिया से पूछा गया कि उन्हें ‘आरआरआर’ ज्यादा पसंद क्यों आई, तो उन्होंने जवाब दिया, “मुझे ‘रामायण’ के मुकाबले ‘आरआरआर’ की कहानी, अभिनय, विजुअल इफेक्ट्स और संगीत ज्यादा पसंद आए। हालांकि, दोनों फिल्मों की डबिंग को लेकर मेरी समस्या वही है। मैं अमेरिका में ‘आरआरआर’ को उसकी मूल तेलुगु भाषा में कभी नहीं देख पाई। मैंने उसका हिंदी डब वर्जन कई बार देखा है।”
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण पार्ट 1’ 5 नवम्बर को वर्ल्डवाइड रिलीज की जाएगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, अरुण गोविल दशरथ, रवि दुबे लक्ष्मण, रकुल प्रीत सिंह सूर्पणखा और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में नज़र आएंगे। कई अन्य पॉपुलर स्टार्स भी फिल्म में दिखाई देंगे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।