
रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल स्टारर 'रामायण' रिलीज से पहले ही नए-नए रिकॉर्ड बना रही है। नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस मेगा बजट फिल्म को लेकर इंडस्ट्री में जबरदस्त उत्साह है। अब फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करन जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस ने 'रामायण' के हिंदी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 350 करोड़ रुपये में हासिल कर लिए हैं। इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन डील बताया जा रहा है। फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, नमित मल्होत्रा की 'रामायण' के हिंदी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स धर्मा प्रोडक्शंस ने 350 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं। इससे पहले खबर थी कि ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपये में बिके हैं, लेकिन नई जानकारी के अनुसार सिर्फ हिंदी डिस्ट्रीब्यूशन डील ही 350 करोड़ रुपये की है। इसे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की अब तक की सबसे बड़ी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन डील माना जा रहा है।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है, "यह अब तक की सबसे बड़ी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन डील है। नमित मल्होत्रा की 'रामायण' को मिले 350 करोड़ रुपये, पिछली सबसे बड़ी डील 'किंग' से करीब 100 करोड़ रुपये ज्यादा हैं। फिल्म से उम्मीदें बेहद ऊंची हैं और पूरी फिल्म इंडस्ट्री 'रामायण' की संभावनाओं को लेकर बेहद उत्साहित है।"
रिपोर्ट के अनुसार धर्मा प्रोडक्शंस इस फिल्म को देशभर में सबसे बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से लिखा है, "रामायण की थिएट्रिकल रिलीज को लेकर बड़े स्तर की तैयारियां पहले से चल रही हैं। रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और सनी देओल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म भारत की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। देशभर से लगातार पूछताछ हो रही है और माना जा रहा है कि यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड बदल सकती है।"
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि निर्माता नमित मल्होत्रा खुद फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक़, "नमित मल्होत्रा चाहते हैं कि फिल्म के विजुअल्स वैश्विक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने कुछ बेहद खास तैयार किया है और फिल्म की भव्य सोच देखकर हर कोई प्रभावित है।" बताया जा रहा है कि फिल्म के वीएफएक्स और विजुअल क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
फिल्म के थिएट्रिकल ट्रेलर पर तेजी से काम चल रहा है। मेकर्स जल्द ही इसका पहला ट्रेलर 14 जुलाई 2026 को लॉन्च कर सकते हैं। वहीं, 'रामायण' का पहला भाग 30 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए निर्धारित है। दो पार्ट में रिलीज होने जा रही इस फिल्म का बजट लगभग 4000 करोड़ रुपए बताया जाता है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।