
रणबीर कपूर और यश की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले लगातार सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है और अब इसकी रिलीज से पहले एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने के साथ ही फिल्म की लंबाई से जुड़ी जानकारी भी सामने आ गई है। इतना ही नहीं, इसके हिंदी और अंग्रेजी वर्जन के बीच भी खास अंतर बताया जा रहा है। वहीं, लॉस एंजिल्स में हुई स्क्रीनिंग के बाद एक पोस्ट-क्रेडिट सीन को लेकर भी दर्शकों के बीच अटकलें तेज हो गई हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से कथित तौर पर U सर्टिफिकेट मिल गया है। इसका मतलब है कि फिल्म को बिना किसी उम्र प्रतिबंध के सभी दर्शकों के लिए प्रदर्शित किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी में फिल्म की यह रेटिंग दर्ज है। 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म के लिए यह एक अहम अपडेट है।
'रामायण' की लंबाई भी सामने आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CBFC से प्रमाणित हिंदी वर्जन का रनटाइम 195 मिनट है। यानी दर्शकों को बड़े पर्दे पर करीब 3 घंटे 15 मिनट लंबी कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म की पौराणिक कथा, बड़े स्तर के एक्शन और भव्य विजुअल्स को देखते हुए इसका रनटाइम चर्चा का विषय बन गया है। वैरायटी की एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का अंग्रेजी वर्जन हिंदी वर्जन से करीब 30 मिनट छोटा होगा। अगर यह अंतर प्रमाणित हिंदी वर्जन के रनटाइम पर लागू होता है, तो अंग्रेजी एडिट लगभग 165 मिनट यानी 2 घंटे 45 मिनट का हो सकता है। हालांकि, अंग्रेजी वर्जन की सटीक प्रमाणित लंबाई की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
भारत में जहां फिल्म को U सर्टिफिकेट मिलने की खबर है, वहीं अमेरिका में इसके अंग्रेजी वर्जन को कथित तौर पर PG-13 रेटिंग दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी वजह फिल्म में दिखाए गए हिंसक दृश्य और खून-खराबे वाली तस्वीरें हैं। यानी भारतीय दर्शक इसे बिना उम्र संबंधी पाबंदी के देख सकेंगे, जबकि अमेरिका में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए माता-पिता की निगरानी की सलाह दी गई है।
फिल्म की आधिकारिक समरी में इसकी कहानी कुछ इस तरह बताई गई है, “जब राक्षस सम्राट रावण, जिसे केवल मनुष्य के अलावा कोई पराजित नहीं कर सकता था, तीनों लोकों पर विजय प्राप्त कर लेता है, तब भगवान विष्णु श्रेष्ठ राजकुमार राम के रूप में अवतरित होते हैं। अपने पिता की प्रतिज्ञा का पालन करते हुए राम, सद्गुणों से संपन्न सीता और समर्पित लक्ष्मण के साथ कठिन वनवास पर निकल पड़ते हैं। जब रावण सीता का अपहरण कर लेता है, तब मनुष्य रूप में आए भगवान सबसे बड़े युद्ध के लिए उठ खड़े होते हैं।”
लॉस एंजिल्स में फिल्म की एक प्रीमियर स्क्रीनिंग भी हुई, जिसके बाद इसके पोस्ट-क्रेडिट सीन को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई। अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस सीन के जरिए अगले भाग के लिए भगवान हनुमान की एंट्री का संकेत दिया गया है। फिल्म में हनुमान का किरदार सनी देओल निभा रहे हैं। हालांकि, इस सीन में वास्तव में क्या दिखाया गया है और क्या यह अगले भाग से जुड़ा है, इसकी मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। इनके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, इंदिरा कृष्णन और कुणाल कपूर भी फिल्म का हिस्सा हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स इस पौराणिक महागाथा को करीब 40 भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। इसका मकसद भारत के अलग-अलग हिस्सों के साथ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक भी कहानी पहुंचाना है। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट 5 नवंबर 2026 तय है। ऐसे में अब दर्शकों को इस भव्य फिल्म के सिनेमाघरों में आने का इंतजार है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।