
Dhurandhar The Revenge Eid Box office Collection: बॉलीवुड में ईद के मौके पर अब सलमान खान की जगह एक नया नाम छा चुका है। ये कोई और नहीं बल्कि धुरंधर 2 के रणवीर सिंह हैं। उनकी फिल्म ने न सिर्फ कई रिकॉर्ड बनाए, बल्कि उन्होंने ईद बॉक्स ऑफिस पर सलमान खान की करीब एक दशक पुरानी बादशाहत को भी खत्म कर दिया। आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने तीन बड़े रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह साफ कर दिया कि अब बॉलीवुड में एक नए “ईद किंग” का दौर शुरू हो चुका है।
21 मार्च, शनिवार यानी ईद वाले दिन रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन किया। ईद पर फिल्म ने पहले दिन के 100 करोड़ का आंकड़ा पार करते हुए कुल 117 करोड़ रुपये की कमाई की। यह आंकड़ा अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है और इससे पहले किसी फिल्म ने ईद के दिन इतनी बड़ी कमाई नहीं की थी।
अब तक ईद का त्योहार बॉलीवुड में सलमान खान के नाम रहता था। ‘बॉडीगार्ड’ से लेकर ‘सिकंदर’ तक, हर साल ईद पर उनकी फिल्मों का ही बोलबाला रहा। लेकिन ‘धुरंधर 2’ की इस जबरदस्त सफलता ने इस परंपरा को तोड़ दिया है। रणवीर सिंह ने साबित कर दिया कि दर्शक अब नए चेहरे को भी ईद के मौके पर उतना ही पसंद कर रहे हैं।
ईद के दिन सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड पहले सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ (2019) के नाम था, जिसने 42.30 करोड़ रुपये कमाए थे। अब रणवीर सिंह की फिल्म ने 117 करोड़ रुपये कमाकर इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। यह ‘भारत’ की कमाई से लगभग 2.7 गुना ज्यादा है, जो बॉलीवुड में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
रणवीर सिंह की फिल्म का एक दिन का कलेक्शन, सलमान खान की COVID के बाद आई 2 ईद रिलीज फिल्मों के कुल कलेक्शन से भी ज्यादा है। 2023 में ‘किसी का भाई किसी की जान’ ने ईद के दिन 25.75 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि 2025 में आई ‘सिकंदर’ ने 33.36 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दोनों फिल्मों का कुल कलेक्शन 59.11 करोड़ रुपये बनता है, जो ‘धुरंधर 2’ के 117 करोड़ के मुकाबले काफी कम है।
कई सालों से ईद पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों में सिर्फ सलमान खान का ही दबदबा था। लेकिन ‘धुरंधर 2’ के नंबर 1 पर पहुंचते ही यह एकाधिकार खत्म हो गया। अब रणवीर सिंह पहले स्थान पर हैं, जबकि सलमान खान दूसरे से लेकर छठे स्थान तक मौजूद हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।