
भोजपुरी और बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रवि किशन आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। एक्टिंग के साथ राजनीति में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। लेकिन उनका बचपन स्ट्रगल और शरारतों से भरा रहा। एक पुराने इंटरव्यू में रवि किशन ने अपने बचपन का ऐसा किस्सा सुनाया था, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया।
रवि किशन ने ‘आप की अदालत’ में अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया था कि वह हनुमान जी के मंदिर से पैसे चुरा लिया करते थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार और शनिवार को मंदिर में लोग पैसे चढ़ाते थे। वह मंदिर में फेरे लगाने के बहाने सिक्के उठा लेते थे। एक्टर के मुताबिक,
'लोग भगवान को तिलक लगाकर उस पर भी सिक्के चिपकाते थे। वह मौका देखकर वहां से भी सिक्के निकाल लिया करते थे।'
रवि किशन को बचपन में चोरी की आदत थी। वह अपने पिता की दूध की दुकान से भी पैसे चुराते थे। एक दिन उनकी यह चोरी पिता की नजरों से बच नहीं पाई। पिता ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया और इसके बाद उनकी जम कर पिटाई की। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने गुस्से में उन्हें लेदर की बेल्ट से पीटा था। उस वक्त उन्हें लगा था कि वह बच नहीं पाएंगे।
इसे भी पढ़ें: Haiwaan Trailer Out: अक्षय कुमार बने सबसे खूंखार 'हैवान', सैफ अली खान का ट्रेलर में दिखा 'डर'
रवि किशन ने बताया था कि पिता के गुस्से से वह बेहद डर गए थे। उनकी मां ने उन्हें 500 रुपए दिए और घर से निकल जाने को कहा। इसके बाद वह घर छोड़कर निकल गए। एक्टर ने कहा कि उन्हें अपनी जान का डर था और अगर वो वहां से नहीं निकलते तो पिता गुस्से में उनकी हत्या कर देते।
बचपन के इन मुश्किल अनुभवों के बाद रवि किशन ने मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों से शुरुआत की और बाद में हिंदी समेत दूसरी भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया। वह ‘लापता लेडीज’, ‘मिर्जापुर’ और कई अन्य चर्चित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं। एक्टिंग के अलावा रवि किशन गोरखपुर से बीजेपी सांसद हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।