
'कांतारा' की ऐतिहासिक सफलता के बाद ऋषभ शेट्टी लगातार बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स से जुड़ते जा रहे हैं। पौराणिक और ऐतिहासिक किरदारों की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुके एक्टर अब छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' का दायरा इतना विशाल हो गया है कि मेकर्स ने इसे एक फिल्म के बजाय दो भागों में रिलीज करने का फैसला लिया है। 500 करोड़ रुपये से अधिक के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य ऐतिहासिक परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है।
शुरुआत में 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' को एक स्टैंडअलोन फिल्म के रूप में विकसित किया जा रहा था। हालांकि प्रोजेक्ट के विस्तार और कहानी के व्यापक स्वरूप को देखते हुए मेकर्स ने इसे दो भागों में पेश करने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, पहला भाग 2028 में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम भाग 2029 में सिनेमाघरों में पहुंचेगा।
फिल्म में ऋषभ शेट्टी महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। कहानी उनके जीवन, संघर्ष, सैन्य रणनीतियों, उपलब्धियों और विरासत को बड़े स्तर पर दर्शकों के सामने पेश करेगी। मेकर्स का लक्ष्य सिर्फ एक ऐतिहासिक फिल्म बनाना नहीं, बल्कि उस युग को भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में जीवंत करना है।
बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट 500 करोड़ रुपये से अधिक रखा गया है। इसी वजह से इसे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की सबसे महंगी ऐतिहासिक फिल्मों में गिना जा रहा है। विशाल सेट्स, बड़े युद्ध दृश्य, अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स और व्यापक रिसर्च इस प्रोजेक्ट को अलग पहचान दे सकते हैं। अगर बजट को लेकर आ रहीं ख़बरें सही हैं तो यह विक्की कौशल स्टारर ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर 'छावा' के मुकाबले लगभग 4 गुना है। छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज की जिंदगी पर बनी 'छावा' का बजट लगभग 120-130 करोड़ रुपये था।
फिल्म की शूटिंग का बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र में किए जाने की योजना है। यही वह भूमि है जहां छत्रपति शिवाजी महाराज ने मराठा साम्राज्य की नींव रखी और कई ऐतिहासिक अभियानों का नेतृत्व किया। मेकर्स किलों, युद्ध अभियानों और उस दौर के सामाजिक-राजनीतिक परिवेश को वास्तविकता के करीब दिखाने की तैयारी में हैं।
ऋषभ शेट्टी फिलहाल 'जय हनुमान' सहित अपने अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। इन प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद वह इस ऐतिहासिक फिल्म पर फोकस करेंगे। लगातार बड़े पौराणिक और ऐतिहासिक किरदारों से जुड़कर एक्टर भारतीय सिनेमा के इस तेजी से बढ़ते जॉनर के प्रमुख चेहरों में शामिल होते जा रहे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।