
कभी विवादों के चलते अपना चर्चित शो बंद करने को मजबूर हुए समय रैना अब एक ऐसी उपलब्धि के साथ लौटे हैं, जिसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है। स्टैंडअप कॉमेडी से पहचान बनाने वाले समय ने डिजिटल दुनिया में एक नया मुकाम हासिल किया है। खास बात यह है कि उनकी इस कामयाबी के पीछे सिर्फ उनकी कॉमेडी नहीं, बल्कि फैंस का वह भरोसा है, जिसने उनके चैनल को बाकी क्रिएटर्स से अलग बना दिया है। YouTube ने भी उनके इस कारनामे की तारीफ की है। आखिर समय ने ऐसा कौन-सा रिकॉर्ड बनाया है?
स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने YouTube की दुनिया में इतिहास रच दिया है। वह दुनियाभर में पहले ऐसे क्रिएटर बन गए हैं, जिनके YouTube चैनल की पेड मेंबरशिप 10 लाख के पार पहुंच गई है। Google India के आधिकारिक ब्लॉग पर 18 नवंबर 2026 को YouTube की टीम ने इस उपलब्धि की जानकारी साझा की और समय को बधाई दी। प्लेटफॉर्म ने उनके सफर की तारीफ करते हुए बताया कि ग्रैंडमास्टर्स के साथ शतरंज पर बातचीत से लेकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसे पॉपुलर शो तक, समय ने अपने चैनल को लाखों लोगों के लिए एक खास डिजिटल अड्डा बना दिया है।
यहां एक बात समझना जरूरी है कि 10 लाख का यह आंकड़ा समय के कुल YouTube सब्सक्राइबर्स का नहीं, बल्कि पेड चैनल मेंबर्स का है। चैनल मेंबरशिप के जरिए दर्शक पैसे देकर अपने पसंदीदा क्रिएटर को सपोर्ट करते हैं और उन्हें एक्सक्लूसिव कंटेंट जैसी अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकती हैं। समय के YouTube चैनल पर 1 करोड़ 24 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। लेकिन 10 लाख पेड मेंबर्स का आंकड़ा इसलिए खास है, क्योंकि यह दिखाता है कि उनके दर्शक सिर्फ वीडियो देखना नहीं चाहते, बल्कि उनके कंटेंट का हिस्सा बनने के लिए पैसे खर्च करने को भी तैयार हैं।
समय रैना की इस कामयाबी के पीछे उनके चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का भी बड़ा योगदान माना जा रहा है। शो का दूसरा सीजन हाल ही में खत्म हुआ है। इस बार इसे YouTube और Netflix दोनों प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। खास बात यह रही कि कुछ एपिसोड समय के YouTube चैनल के पेड मेंबर्स के लिए एक्सक्लूसिव रखे गए थे। यानी समय ने अपने फैंस को सिर्फ मनोरंजन ही नहीं दिया, बल्कि उनके लिए ऐसा कंटेंट भी तैयार किया, जिसे देखने के लिए दर्शकों ने सीधे चैनल की मेंबरशिप ली।
समय रैना के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि फरवरी 2025 में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से जुड़ा विवाद उनके करियर के लिए बड़ा झटका बन गया था। शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी को लेकर भारी विरोध हुआ था। सोशल मीडिया पर आलोचना के साथ समय और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ शिकायतें भी दर्ज हुई थीं। विवाद बढ़ने के बाद समय ने अपने YouTube चैनल से शो के पुराने एपिसोड हटा दिए थे। हालांकि, 2026 में उन्होंने अपने स्टैंडअप स्पेशल 'Still Alive' के जरिए वापसी की और फिर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का दूसरा सीजन लेकर आए।
Google India के ब्लॉग में YouTube ने भारतीय क्रिएटर इकोसिस्टम से जुड़े कुछ दिलचस्प आंकड़े भी साझा किए। प्लेटफॉर्म के मुताबिक, जून 2026 में ही भारत में 12 लाख से ज्यादा दर्शकों ने कम से कम एक YouTube चैनल की मेंबरशिप खरीदी थी। इतना ही नहीं, भारतीय क्रिएटर्स की चैनल मेंबरशिप से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। इससे साफ है कि दर्शक अब अपने पसंदीदा क्रिएटर्स को सीधे आर्थिक रूप से सपोर्ट करने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।