
बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड और फिल्मी सितारों के बीच टकराव की कहानियां नई नहीं हैं लेकिन शाहरुख खान से जुड़ा एक पुराना किस्सा अब फिर चर्चा में है। फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने हुसैन जैदी के पॉडकास्ट में दावा किया कि जब शाहरुख खान को अंडरवर्ल्ड की ओर से धमकियां मिलीं, तब उन्होंने डरकर पीछे हटने के बजाय सीधा जवाब दिया था। संजय के मुताबिक, शाहरुख ने साफ कर दिया था कि वह किसी दबाव में फिल्म या शो नहीं करेंगे। उनका यह रवैया इतना अलग था कि कथित तौर पर बाद में अंडरवर्ल्ड ने भी उनके हौसले का सम्मान किया।
संजय गुप्ता के मुताबिक, शाहरुख खान ने धमकियों के सामने झुकने से साफ इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था, “मैं कभी वह फिल्म या शो नहीं करूंगा। मैं पठान हूं, अगर गोली मारनी है तो मार दो।” संजय ने बताया कि शाहरुख का संदेश बिल्कुल स्पष्ट था—वह डरने वाले नहीं हैं और अंडरवर्ल्ड के कहने पर न तो उनके लिए काम करेंगे और न ही कोई शो करेंगे।
फिल्ममेकर ने शाहरुख को इंडस्ट्री का ऐसा शख्स बताया, जिसने कथित तौर पर धमकियों के आगे समझौता नहीं किया। उनके शब्दों में, “मैं तुमसे नहीं डरता, लेकिन तुम्हारे साथ काम नहीं करूंगा और तुम्हारे लिए शो भी नहीं करूंगा।” संजय का दावा है कि इसी बेबाक रवैये की वजह से शाहरुख ने अंडरवर्ल्ड का सम्मान हासिल किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1990 के दशक में जब ओर्गेनाइज्ड क्राइम का बॉलीवुड पर दबाव बढ़ रहा था, तब शाहरुख खान को भी धमकियां मिली थीं। पत्रकार अनुपमा चोपड़ा की रिपोर्टिंग में दावा किया गया कि गैंगस्टर अबू सलेम ने खास तौर पर 1997 के आसपास शाहरुख को कई बार धमकाया था। उस समय शाहरुख फिल्म ‘डुप्लीकेट’ पर काम कर रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने फिल्ममेकर महेश भट्ट को शाहरुख की जान को लेकर मिली धमकी की जानकारी दी थी। इसके बाद एक्टर की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। शाहरुख ने एक पुराने इंटरव्यू में भी उस दौर को याद करते हुए बताया था कि उन्हें करीब तीन साल तक भारी सुरक्षा मिली थी और वह उस समय बेहद डरे हुए थे।
शाहरुख खान ने कथित तौर पर धमकी देने वाले गैंगस्टर से कहा था, “मैं आपको यह नहीं बताता कि किसे गोली मारनी है, इसलिए आप मुझे यह मत बताइए कि कौन सी फिल्म करनी है।” यही तेवर उस दौर में उनकी पहचान बन गया था—डर के बावजूद अपने फैसलों पर कायम रहना। शाहरुख़ खान फिलहाल अपनी अगली फिल्म 'किंग' की रिलीज की तैयार कर रहे हैं, जो इसी साल 24 दिसंबर को पर्दे पर आएगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।