
'जोश' फेम अभिनेता शरद कपूर के मुश्किल दौर में अब सोनू सूद उनका साथ देने पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पर शरद के भावुक वीडियो वायरल होने और इंडस्ट्री से काम मांगने के बाद सोनू ने उनसे मुलाकात की। सोमवार को मुंबई के बांद्रा में दोनों साथ नजर आए और उनका वीडियो भी सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू ने शरद के इलाज के लिए मेडिकल सप्लाई का इंतजाम किया है। साथ ही दोनों के बीच एक संभावित फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर भी बातचीत हुई है। हालांकि, अभी किसी फिल्म में शरद की एंट्री या कास्टिंग की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
शरद कपूर की मदद को लेकर सोनू सूद के आगे आने की खबर पहले ही सामने आ गई थी। अब 16 नवंबर को मुंबई के बांद्रा में दोनों की मुलाकात हुई। उनके बातचीत करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। 'फ्री प्रेस जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू और शरद की मुलाकात की योजना पहले से थी। दोनों के बीच एक संभावित फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा होनी थी, जिससे शरद लंबे समय बाद अभिनय की दुनिया में वापसी कर सकें। हालांकि, इस बातचीत का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है। न ही अभी यह पुष्टि हुई है कि सोनू ने शरद को अपनी किसी फिल्म में काम देने का फैसला कर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू ने शरद के लिए मेडिकल सप्लाई का इंतजाम भी किया है। वह उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में लगातार जानकारी ले रहे हैं। वहीं, एबीपी लाइव की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सोनू ने शरद के पैर की चोट के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम का भी इंतजाम किया है। शरद ने हाल ही में बताया था कि फुटबॉल खेलते समय उनका पैर टूट गया था और उन्हें पूरी तरह ठीक होने में अभी समय लगेगा। ऐसे में सोनू की तरफ से मेडिकल मदद की खबर उनके लिए राहत की बात मानी जा रही है।
कुछ दिन पहले शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजे जाने के दौरान भावुक नजर आए थे। उनकी कमजोर हालत देखकर लोगों ने चिंता जताई थी। इसके बाद बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट ने भी उनका एक वीडियो शेयर किया, जिसमें शरद ने डिप्रेशन से जूझने और काम की जरूरत के बारे में बताया। शरद ने फिल्म इंडस्ट्री से अपील की थी कि उन्हें अभिनय का मौका दिया जाए। उनका कहना था कि वह दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं और अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं।
शरद की स्थिति सामने आने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन यानी एआईसीडब्ल्यूए ने भी सोनू सूद से उनके लिए मदद की अपील की थी। एसोसिएशन ने उनसे शरद को काम देने और उनकी मुश्किल घड़ी में साथ खड़े होने का अनुरोध किया था। इसी बीच सोनू की मुलाकात और मेडिकल सहायता की खबरों ने शरद की वापसी की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। इससे पहले टीवी अभिनेत्री और पशु अधिकारों के लिए काम करने वाली जया भट्टाचार्य भी शरद से मिलने पहुंची थीं। उन्होंने मुलाकात का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया था। उस वीडियो में शरद ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन यानी सिंटा से काम दिलाने और सहयोग करने की अपील की थी। शरद ने कहा था,
मैं सिंटा से अपील करना चाहता हूं कि मुझे अच्छे काम की तलाश है। मुझे आपके सहयोग की जरूरत है और मुझे पता है कि आपने हमेशा अपने आसपास के लोगों का साथ दिया है। आपका थोड़ा-सा नैतिक समर्थन भी मेरे लिए काफी होगा।
शरद कपूर 'जोश', 'दस्तक', 'लक्ष्य' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सोनू सूद की पहल से उन्हें कोई नया प्रोजेक्ट मिलता है या नहीं और वह कब दोबारा पर्दे पर दिखाई देंगे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।