
Lawrence Bishnoi Gang and Bollywood: मुंबई में एक बार फिर 90 के दशक वाले अंडरवर्ल्ड का खौफ लौटने की चर्चा तेज हो गई है। रविवार शाम बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए सरेआम जानलेवा हमले ने पूरी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली। हालांकि, पुलिस ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस हमले के बाद एक बार फिर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं सलमान खान से लेकर रोहित शेट्टी तक... कैसे पिछले 2 सालों में पूरा बॉलीवुड लॉरेंस गैंग के निशाने पर आ गया है...
रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ पुष्पा नरसी पार्क (जमनाबाई नर्सरी) में एक बर्थडे पार्टी से अपनी BMW कार से लौट रहे थे। पुलिस स्टेशन से महज 350 मीटर की दूरी पर भीड़ के बीच सफेद शर्ट पहने हमलावर उनकी कार के सामने आ गए। मलावरों ने कार पर 7 गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि शीशे के टुकड़े लगने से टाइगर को सिर्फ हल्की खरोंचें आईं। कार चला रहे ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। वहीं पास खड़े 35 साल के एक फैन (उमेश चरण) के सीने (बाएं निप्पल से 2 सेमी नीचे) में गोली लग गई। ड्राइवर का नानावती अस्पताल और फैन का कूपर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखा कि जब एक शूटर कार की खिड़की के बिल्कुल पास से छठी गोली चलाने वाला था, तभी उसकी बंदूक जाम हो गई, जिससे टाइगर की जान बच गई। गोली लगने के बावजूद घायल ड्राइवर फिरदौस कार से निकला और एसवी रोड की तरफ भागते शूटरों का पीछा करने की कोशिश की।
इस हमले के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित और हरमन संधू ने एक सोशल मीडिया वॉइस नोट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली। उसने चेतावनी दी है कि जो भी सुपरस्टार सलमान खान के साथ काम करेगा, उसका यही अंजाम होगा। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर को फोन करके भरोसा दिलाया है कि 'हम सब आपके साथ हैं।' वहीं पुलिस की 15 टीमें हमलावरों की तलाश कर रही हैं। बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी और एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है।
अप्रैल 2024 सलमान खान के घर फायरिंग
टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला पहला नहीं है। पुलिस जांच और सामने आई जानकारी के मुताबिक, लॉरेंस गैंग लगातार बॉलीवुड के बड़े नामों को टारगेट कर रहा है। अप्रैल 2024 में सलमान खान के बांद्रा वाले घर की बालकनी पर दो लोगों ने फायरिंग की थी। ये मामला 1998 के काला हिरण शिकार से जुड़ा था, जिसमें लॉरेंस का चचेरा भाई अनमोल आरोपी है।
अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी का मर्डर
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की उनके बेटे के ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि सलमान खान से करीबी के कारण अनमोल ने ही ये मर्डर करवाया था।
फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के घर फायरिंग रणवीर सिंह को धमकी
इसी साल फरवरी में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग की थी, ताकि दहशत फैलाकर फिरौती वसूली जा सके। इसी महीने एक्टर रणवीर सिंह को भी लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर से 20 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए कई धमकी भरे कॉल आए थे।
जुलाई 2026 में आमिर खान को धमकी
इसी साल जुलाई में गौरी स्प्रैट (Gauri Spratt) से शादी के बाद एक्टर आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 'लव जिहाद' की धमकियां मिलीं।
अक्टूबर 2026 में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग
और अब इसी गैंग ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली। दावा है कि सलमान खान के साथ काम करने और नजदीकी के कारण ही टाइगर श्रॉफ की कार पर 7 राउंड फायरिंग की गई।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।