
यश की ‘टॉक्सिक’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत के बाद जिस रफ्तार की उम्मीद जगाई थी, फिलहाल वह कहानी कुछ अलग मोड़ लेती दिख रही है। बुधवार को रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग करने वाली इस एक्शन ड्रामा फिल्म की कमाई अगले दिनों में लगातार नीचे गई। हालांकि फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन असली सवाल अब इसकी आगे की रफ्तार को लेकर है। रविवार यानी पांचवें दिन भी फिल्म ने सिनेमाघरों में अच्छी मौजूदगी दर्ज कराई, मगर डेली कलेक्शन में गिरावट का सिलसिला नहीं रुका। ऐसे में अब नजर वीकडेज के प्रदर्शन पर टिकी है।
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को ‘टॉक्सिक’ ने भारत में 23 करोड़ रुपए नेट कमाए। यह चौथे दिन यानी पहले शनिवार की कमाई (25.15 करोड़ रुपए) के मुकाबले 8.5 फीसदी कम है। चौथे दिन के आंकड़े जोड़ने के बाद फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ रुपए हो गया। वहीं भारत में ग्रॉस कलेक्शन 255.95 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। रविवार को फिल्म की ऑल-ओवर थिएटर ऑक्यूपेंसी 29.97 फीसदी रही और इसे देशभर में 16,220 शोज में दिखाया गया।
‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपए नेट के साथ शानदार शुरुआत की थी। लेकिन दूसरे दिन यानी गुरुवार को कमाई सीधे 37.65 करोड़ रुपए पर आ गई। यह ओपनिंग डे के मुकाबले करीब 62.8 फीसदी की गिरावट थी। इसके बाद शुक्रवार को फिल्म ने 27.20 करोड़ रुपए और शनिवार को 25.15 करोड़ रुपए नेट कमाए। रविवार को फिल्म की कमाई 23 करोड़ रुपए रही। यानी पांचवें दिन तक फिल्म का डेली कलेक्शन लगातार नीचे जाता रहा, जबकि वीकेंड से ग्रोथ की उम्मीद की जा रही थी।
5वें दिन 'टॉक्सिक' ने विदेशों में 2 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। फिल्म का टोटल ओवरसीज कलेक्शन 29.25 करोड़ रुपए पहुंच गया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 255.95 करोड़ रुपए हुआ है। कुल मिलाकर फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 285.20 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और अक्षय ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।