
'बिग बॉस 19' में बतौर कंटेस्टेंट नज़र आए स्टैंडअप और रोस्ट कॉमेडियन प्रणीत मोरे इन दिनों विवादों में हैं। उनके हालिया स्टैंडअप शो में ऐसा कुछ हुआ, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। ना सिर्फ आम इंटरनेट यूजर्स, बल्कि फिल्म और टीवी से जुड़ी कई एक्ट्रेसेस ने इस मामले पर तीखा रिएक्शन दिया है और प्रणीत मोरे को फटकार लगाई है। इतना ही नहीं, मुंबई पुलिस का बयान और प्रणीत मोरे की माफ़ी भी चर्चा में बनी हुई है। #370Biryani इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहा है। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला...
विवाद की शुरुआत प्रणीत मोरे के एक लाइव स्टैंड-अप शो के दौरान हुई, जहां वे अपने मशहूर "क्राउड वर्क" सेगमेंट में दर्शकों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ऑडियंस में बैठे हिमांशु जांगड़ा नाम के शख्स से उसकी डेटिंग लाइफ के बारे में सवाल किया। उसने बताया कि वह हाल ही में एक लड़की के साथ डेट पर गया था और उसने उसके लिए करीब 370 रुपए की चिकन बिरयानी खरीदी थी। इसके बाद प्रणीत मोरे ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर उसका नुकसान कितना हुआ? जवाब में हिमांशु ने कहा कि उसने बिरयानी पर 370 रुपए खर्च किए लेकिन बदले में उसे कुछ नहीं मिला।
जब प्रणीत मोरे ने उससे पूछा कि वह आखिर क्या उम्मीद कर रहा था गुड़गांव के रहने वाले हिमांशु ने इशारों-इशारों में कहा कि उसे लगा था कि डेट के बाद लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनेंगे। हिमांशु के मुताबिक़, उसने पहले लड़की को अपने कमरे में ले जाने के बारे में सोचा और फिर उसे अंधेरे पार्क में ले जाने की जिद करने लगा। लड़की हिचकिचाते हुए उसके साथ अंधेरे पार्क में चली गई थी। उसकी इस बात पर वहां मौजूद कुछ लोग हंसने लगे और शो आगे बढ़ गया। इसी क्लिप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने हिमांशु की सोच पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि किसी महिला को खाना खिलाने या उस पर पैसे खर्च करने का मतलब यह नहीं है कि बदले में कोई शारीरिक या रोमांटिक रिटर्न मिलने का अधिकार बन जाता है। कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति वस्तुकरण और सहमति (Consent) की अवधारणा के खिलाफ बताया।
विवाद सिर्फ हिमांशु तक सीमित नहीं रहा। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने प्रणीत मोरे की भी आलोचना कर रहे हैं। उनका आरोप था कि शो के दौरान कॉमेडियन ने उस सोच को तुरंत चुनौती देने या गलत ठहराने के बजाय बातचीत को मजाक के तौर पर आगे बढ़ाया। इसी वजह से बहस शुरू हो गई कि क्या कॉमेडियन की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह मंच पर कही गई ऐसी बातों का विरोध करे।
जैसे-जैसे वीडियो वायरल हुआ, मामला राष्ट्रीय बहस का विषय बन गया। महिला अधिकार कार्यकर्ताओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, फिल्मी हस्तियों और आम यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया दी। पढ़ें किसने क्या कहा :-
एक्ट्रेस आयशा खान ने सोशल मीडिया पर लिखा,
सबसे हैरानी की बात यह है कि ऐसी सोच को लोग मजाक समझकर हंस रहे थे। किसी इंसान पर पैसे खर्च करने का मतलब यह नहीं होता कि उसके बदले में आप किसी तरह की उम्मीद या हक जता सकते हैं।
'बिग बॉस 19' में प्रणीत मोरे की को-कंटेस्टेंट रहीं मालती चाहर लिखती हैं,
ऐसी घटनाएं बताती हैं कि आज भी कई महिलाओं को रिश्तों और शादी को लेकर असहजता क्यों महसूस होती है। किसी भी रिश्ते की बुनियाद सम्मान और सहमति होनी चाहिए, लेन-देन की मानसिकता नहीं।
एक्ट्रेस कुशा कपिला का रिएक्शन है,
कॉमेडी के नाम पर महिलाओं के प्रति गलत सोच को सामान्य बनाना चिंता की बात है। मजाक और संवेदनशीलता के बीच की रेखा समझना जरूरी है।
एक्ट्रेस डॉली सिंह ने लिखा,
डेट पर खर्च किए गए कुछ पैसों को किसी महिला पर अधिकार समझ लेना बेहद गलत सोच है। इस तरह की मानसिकता पर सवाल उठना जरूरी है।
यूट्यूबर साक्षी शिवदासानी का रिएक्शन है,
यह सिर्फ एक वायरल क्लिप का मामला नहीं है, बल्कि उस सोच का मुद्दा है जो महिलाओं को बराबरी की नजर से देखने के बजाय उन्हें किसी सौदे का हिस्सा मान लेती है।
एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,
यह कॉमेडी नहीं है। यह तो बस एक सामान्य बातचीत है, जिसमें कोई खास कंटेंट ही नहीं है। जब लोगों के पास नया कंटेंट या रचनात्मकता नहीं बचती, तब वे सिर्फ बातचीत के सहारे शो चलाने लगते हैं। मेरी नजर में प्रणीत कोई कलाकार नहीं हैं और न ही कॉमेडियन हैं। ऐसी घटनाओं की वजह से पूरी कॉमेडी बिरादरी को बेवजह ट्रोलिंग झेलनी पड़ती है, जो असली कलाकारों के लिए नुकसानदायक है। सच कहूं तो यह वास्तविक टैलेंट रखने वाले कलाकारों के साथ अन्याय है। उस लड़के की नौकरी भी चली गई। मेरा मानना है कि प्रणीत के शो पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रणीत पर शर्म आनी चाहिए और उस गुरुग्राम के युवक पर भी।
यूट्यूबर एल्विश यादव ने कहा,
370 रुपए की बिरयानी ने दो चीज़ें एक्सपोज़ कर दीं: एक आदमी को लगा सहमति का MRP होता है। और एक कॉमेडियन को लगा हर असहज चुप्पी को लाफ्टर ट्रैक से बचाया जा सकता है। बिरयानी तो दम पे बनी थी, कॉन्ट्रोवर्सी अहंकार पे।
मुंबई पुलिस के प्रणीत मोरे के ₹370 बिरयानी विवाद में कड़ा संदेश दिया है, जो वायरल हो रहा है। पोस्ट में सफेद बैकग्राउंड पर ₹370 का बड़ा ग्राफिक बनाया गया था, जिसमें ‘0’ की जगह बिरयानी की प्लेट दिखाई गई। इसके साथ लिखा,
₹370 में आपको एक प्लेट बिरयानी मिल सकती है। लेकिन हमारे लॉकअप में खाना मुफ्त मिलता है और ठहरने का समय भी ज्यादा होता है।
पोस्ट के अंत में #BiryaniIsNotConsent हैशटैग का इस्तेमाल किया गया। मुंबई पुलिस ने पोस्ट के कैप्शन में सिर्फ इतना लिखा, “चुनाव आपका है।” बिना किसी का नाम लिए यह संदेश सीधे तौर पर सहमति और जिम्मेदार व्यवहार की ओर इशारा करता था।
विवाद के बाद प्रणीत मोरे ने सफाई देते हुए लिखा,
हाल ही में वायरल हुई क्राउडवर्क क्लिप को लेकर सामने आई आलोचनाएं मैंने देखी हैं। दर्शक द्वारा की गई टिप्पणियां मेरे विचारों या मान्यताओं का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं। अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो महसूस होता है कि मुझे उस टिप्पणी को चुनौती देनी चाहिए थी, बजाय इसके कि मैं उस पर हंसकर आगे बढ़ जाता। यह मेरी ओर से निर्णय लेने में हुई एक गलती थी। जिन्होंने सम्मानजनक तरीके से अपनी चिंताएं और आपत्तियां सामने रखीं, मैं उनका आभारी हूं। जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं और इस अनुभव से सीख लेकर आगे बढ़ूंगा। मैं भी एक इंसान हूं और बाकी लोगों की तरह लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा हूं।
इसके बाद प्रणीत मोरे ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया।
रिपोर्ट्स की मानें तो जिस हिमांशु जांगड़ा का 370 रुपए की बिरयानी वाला किस्सा उस पर भारी पड़ गया है। उसे उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया दिया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।