
Anirudh Ravichander Biography: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म या सुपरहिट गाना नहीं, बल्कि सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन के साथ शादी की चर्चाएं हैं। हाल ही में अनिरुद्ध के अंकल और दिग्गज एक्टर वाई जी महेंद्र के एक बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अब तक अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन में से किसी ने भी इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बीच हर कोई जानना चाहता है कि काव्या मारन के साथ शादी की खबर के कारण चर्चा आए अनिरुद्ध रविचंदर कौन हैं? जानिए अनिरुद्ध रविचंदर के बारे में रोचक बातें।
चेन्नई में जन्मे अनिरुद्ध रविचंदर का फिल्म और संगीत से गहरा नाता रहा है। उनके पिता अभिनेता रवि राघवेंद्र हैं, जबकि मां लक्ष्मी रविचंदर एक प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना हैं। अनिरुद्ध ने लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ म्यूजिक से क्लासिकल पियानो की पढ़ाई की और बाद में चेन्नई में साउंड इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण लिया। साल 2011 में रिलीज हुआ गाना 'Why This Kolaveri Di' उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। यह गाना सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में वायरल हुआ और अनिरुद्ध रातों-रात इंटरनेशनल पहचान बनाने वाले सबसे युवा भारतीय संगीतकारों में शामिल हो गए।
'कोलावेरी डी' के बाद अनिरुद्ध ने लगातार एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में संगीत दिया। आज वह तमिल और तेलुगु सिनेमा के सबसे भरोसेमंद और सबसे ज्यादा फीस लेने वाले म्यूजिक डायरेक्टर्स में गिने जाते हैं। बॉलीवुड में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' का संगीत तैयार कर उन्होंने हिंदी दर्शकों के बीच भी अपनी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। उनकी धुनों की खासियत यह है कि उनमें मॉडर्न बीट्स और भारतीय संगीत का शानदार संतुलन देखने को मिलता है।
अनिरुद्ध का नाम सुपरस्टार रजनीकांत के परिवार से भी जुड़ता है। वह रजनीकांत के रिश्तेदार हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी पहचान पारिवारिक नाम के सहारे नहीं बनाई। उनकी सफलता का आधार उनकी मेहनत, अलग सोच और लगातार हिट संगीत देना रहा है।
हाल के दिनों में अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन का नाम सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में है। अनिरुद्ध के अंकल व दिग्गज एक्टर वाई. जी. महेंद्रन ने दोनों की शादी के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि शादी लगभग तय है, लेकिन तारीख अभी फाइनल नहीं हुई है। उनके बयान के बाद शादी की अटकलों ने फिर जोर पकड़ लिया है। हालांकि, दोनों परिवारों ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। । इसलिए फिलहाल इन खबरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि शादी की चर्चाओं से इतर, अनिरुद्ध रविचंदर की पहचान आज भी एक ऐसे युवा संगीतकार की है, जिसने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय संगीत जगत में अलग मुकाम बनाया और करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों में अपनी खास जगह कायम की।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।