
मशहूर शेफ, शिक्षाविद और टीवी पर्सनैलिटी डॉ. के. दामोदरन, जिन्हें दुनिया शेफ दामू के नाम से जानती थी, अब हमारे बीच नहीं रहे। 25 अक्टूबर 2026 को चेन्नई में 72 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। कुकिंग शो के जरिए दक्षिण भारतीय व्यंजनों को लोकप्रिय बनाने वाले शेफ दामू ने लाखों लोगों को खाना बनाने के लिए प्रेरित किया। उनकी पहचान सिर्फ टीवी तक सीमित नहीं थी; उन्होंने पाक-कला की शिक्षा और नई पीढ़ी के शेफ को तैयार करने में भी अहम योगदान दिया। उनके निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने भी शोक जताया।
डॉ. के. दामोदरन ने पाक-कला, शिक्षा और टेलीविजन की दुनिया में खास पहचान बनाई। तमिल शो ‘कुकू विद कोमाली’ में जज के तौर पर उनकी सहज शैली और मुस्कुराता चेहरा दर्शकों को खूब पसंद आया। वह पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजनों को लोकप्रिय बनाने के साथ नए शेफ को मार्गदर्शन भी देते थे।
साल 2010 में शेफ दामू ने लगातार 24 घंटे, 30 मिनट और 12 सेकंड तक खाना बनाकर 617 व्यंजन तैयार किए। इस उपलब्धि ने उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह दिलाई। खाना बनाने की कला में योगदान के लिए उन्हें 2025 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया। वह मद्रास विश्वविद्यालय से होटल मैनेजमेंट और कैटरिंग टेक्नोलॉजी में पीएचडी हासिल करने वाले भारत के पहले शेफ के रूप में भी पहचाने जाते थे।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए लिखा,
श्री के. दामोदरन, जिन्हें शेफ दामू के नाम से जाना जाता था और जो एक प्रसिद्ध पाक-कला विशेषज्ञ थे, के निधन से गहरा दुख हुआ है। अपनी पाक-कला की विशेषज्ञता और अनूठे अंदाज से उन्होंने टेलीविजन कार्यक्रमों के जरिए खाना बनाने की कला को आम लोगों तक पहुंचाया। 2010 में उन्होंने सबसे लंबे व्यक्तिगत कुकिंग मैराथन का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और उन्हें पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया। उनका निधन पाक-कला के क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके शोकाकुल परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और खाना बनाने की कला से प्यार करने वाले प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।