Toxic: बुधवार को ही क्यों रिलीज हो रही Yash की फिल्म? 26 अगस्त चुनने के पीछे क्या है सबसे बड़ी वजह

Published : Aug 25, 2026, 04:49 PM IST
Why Toxic Wednesday Release

सार

यश की Toxic 26 अगस्त यानी बुधवार को रिलीज होगी। मिलाद-उन-नबी और ओणम की छुट्टी के चलते फिल्म को 5 दिन के लंबे ओपनिंग पीरियड का फायदा मिलेगा।

Toxic Wednesday Release: रॉकिंग स्टार यश की फिल्म 'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' 26 अगस्त को दुनियाभर में 12,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होने वाली है। फिल्म को पहले मार्च में 'धुरंधर 2' के साथ रिलीज करने की योजना थी, लेकिन कई कारणों से इसकी रिलीज पहले जून और फिर अगस्त तक टाल दी गई। अब फिल्म बुधवार यानी 26 अगस्त को रिलीज हो रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आमतौर पर शुक्रवार को रिलीज होने वाली बड़ी फिल्मों के लिए निर्माताओं ने बुधवार का दिन क्यों चुना?

शुक्रवार के बजाय बुधवार को क्यों रिलीज हो रही Toxic?

पिछले कुछ वर्षों में भारतीय सिनेमा, खासकर साउथ सिनेमा में फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर रणनीति बदली है। पहले शुक्रवार को फिल्म रिलीज करना सबसे आम चलन था। इसकी वजह यह थी कि शुक्रवार, शनिवार और रविवार के तीन दिन के वीकेंड में फिल्म को ज्यादा दर्शक मिलते थे। अब बड़े बजट की फिल्मों के निर्माता केवल शुक्रवार का इंतजार नहीं करते। वे त्योहारों और सरकारी छुट्टियों को ध्यान में रखकर रिलीज डेट तय करते हैं, ताकि फिल्म को लंबा ओपनिंग वीकेंड मिल सके। लंबे ओपनिंग पीरियड का सीधा फायदा टिकट बिक्री पर पड़ता है। ज्यादा शो और ज्यादा दर्शकों की वजह से फिल्म पहले कुछ दिनों में ही मजबूत बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर सकती है।

26 अगस्त को ही क्यों रिलीज हो रही Toxic?

यश की 'Toxic' 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी/ईद-ए-मिलाद और तिरुओणम, यानी ओणम के मुख्य दिन के मौके पर रिलीज हो रही है। ये दोनों ही बुधवार को पड़ रहे हैं। इस दिन सरकारी छुट्टी होने के कारण कई स्कूल-कॉलेज और कार्यालय बंद रहते हैं। ऐसे में निर्माताओं को उम्मीद है कि ज्यादा लोग छुट्टी का फायदा उठाकर फिल्म देखने सिनेमाघरों तक पहुंचेंगे।

यश के फैन बेस का भी मिलेगा फायदा

भारत में सिनेमाघर जाने वाले दर्शकों में युवा वर्ग की बड़ी हिस्सेदारी है। कई बड़े स्टार्स के फैन भी 18 से 35 साल की उम्र के हैं। इसलिए निर्माता स्टार फैन कल्चर का फायदा उठाने के लिए फिल्मों को ऐसे त्योहारों और छुट्टियों के आसपास रिलीज करने की कोशिश करते हैं। मशहूर तमिल फिल्म प्रोड्यूसर जी. धनंजयन के मुताबिक, केरल में फिल्मों के गुरुवार को रिलीज होने की एक वजह यह भी है कि कई दशकों से मिडिल ईस्ट में शुक्रवार को छुट्टी रहती थी। इसी वजह से कई बड़ी तमिल फिल्मों ने मलयालम फिल्मों के साथ रिलीज होने के लिए गुरुवार को रिलीज करना शुरू किया। इससे फिल्मों को एक अतिरिक्त वीकेंड मिल जाता था। हालांकि, उनके मुताबिक बुधवार को फिल्म रिलीज होना काफी दुर्लभ है और यह आमतौर पर सरकारी छुट्टियों पर निर्भर करता है।

सरकारी छुट्टी ने तय की Toxic की बुधवार रिलीज

जी. धनंजयन के अनुसार, 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी और ओणम दोनों सरकारी छुट्टियां हैं। इसी वजह से फिल्म की रिलीज बुधवार के लिए तय की गई है। उनका कहना है कि अगर 26 अगस्त को सरकारी छुट्टी नहीं होती तो निर्माता ज्यादा से ज्यादा गुरुवार को फिल्म रिलीज कर सकते थे। इसलिए बुधवार की रिलीज कोई सामान्य ट्रेंड नहीं, बल्कि इस खास छुट्टी की वजह से लिया गया फैसला है।

Toxic को मिलेगा पांच दिनों का ओपनिंग पीरियड

यश की 'Toxic' सरकारी छुट्टी वाले दिन 26 अगस्त को रिलीज हो रही है। ऐसे में निर्माताओं को पांच दिनों के लंबे ओपनिंग पीरियड का फायदा मिलने की उम्मीद है। आज के प्रतिस्पर्धी थिएटर मार्केट में बॉक्स ऑफिस कमाई बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में फिल्म को मिलने वाला हर अतिरिक्त दिन शुरुआती कलेक्शन को बढ़ाने में मदद कर सकता है। इस लिहाज से 'Toxic' की बुधवार रिलीज बड़ी फिल्मों की बदलती रिलीज रणनीति का उदाहरण है। अब निर्माता सिर्फ शुक्रवार को ध्यान में रखने के बजाय त्योहार, सरकारी छुट्टी, दर्शकों की उपलब्धता और लंबे ओपनिंग पीरियड को ध्यान में रखकर रिलीज डेट तय कर रहे हैं।

त्योहारों पर रिलीज का बढ़ा चलन

इससे पहले अजित कुमार की 8 फिल्में पोंगल के दौरान रिलीज हो चुकी हैं, जबकि विजय की दो फिल्में इस त्योहार के आसपास रिलीज हुई हैं। अजित की 'थुनिवु' और विजय की 'वारिसु' भी लंबे छुट्टी वाले वीकेंड का फायदा उठाने के लिए शुक्रवार के बजाय जनवरी में बुधवार को रिलीज हुई थीं।

बुधवार और गुरुवार की रिलीज का बढ़ता ट्रेंड

ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला के मुताबिक, शुक्रवार को रिलीज का पुराना नियम अब उतना जरूरी नहीं रह गया है। निर्माता छुट्टियों का फायदा उठाने, लंबा ओपनिंग वीकेंड बनाने और बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती रफ्तार बढ़ाने के लिए बुधवार और गुरुवार को रिलीज डेट चुन रहे हैं। सोशल मीडिया और एडवांस बुकिंग की वजह से फिल्मों की जानकारी तेजी से दर्शकों तक पहुंचती है। ऐसे में एक या दो अतिरिक्त दिनों का फायदा ओपनिंग बिजनेस में बड़ा अंतर पैदा कर सकता है।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

कृति सेनन का कपड़ों पर मुंहतोड़ जवाब, रक्षाबंधन ऐड पर बोलीं- ‘कब तक बताएंगे कि क्या पहनें...?’
73 की उम्र में 34 साल छोटी बीवी लाएंगे अनूप जलोटा? चौथी शादी की ख़बरों पर तोड़ी चुप्पी