उप्र में बिना दवा के ठीक हुआ मासूम, मुंबई में बच्ची ने कोरोना को दी मात, दुनियाभर से आईं ये गुड न्यूज

नई दिल्ली. कोरोना वायरस का कहर दुनिया के 200 से ज्यादा देशों पर है। हर तरफ बढ़ते हुए संक्रमण और मौतों की संख्या को देखते हुए दुनियाभर में निराशा छाई है। अब तक 1 लाख 14 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमित मरीजों की संख्या भी दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है। अब तक 18 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। लेकिन इस बीच दुनियाभर से कुछ ऐसी भी खबरें और तस्वीरें सामने आई हैं, जो निराशा को कम कर, चेहरे पर एक खुशी भी ला रही हैं। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोरोना संक्रमित ढाई साल का बच्चा बिना दवा के ठीक हो गया तो वहीं, स्पेन में लॉकडाउन में कुछ कमी की गई है, यहां लोग काम पर लौटने लगे हैं। आईए जानते हैं, ऐसी ही कुछ गुड न्यूज...

Asianet News Hindi | Published : Apr 13, 2020 12:33 PM IST / Updated: Apr 15 2020, 12:27 PM IST

111
उप्र में बिना दवा के ठीक हुआ मासूम, मुंबई में बच्ची ने कोरोना को दी मात, दुनियाभर से आईं ये गुड न्यूज
महाराष्ट्र: भारत में महाराष्ट्र सबसे ज्यादा संक्रमित है। यहां करीब 2000 केस सामने आ चुके हैं। अब तक 150 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन शनिवार को यहां मुंबई से एक अच्छी खबर आई। यहां 6 महीने की बच्ची कोरोना से ठीक होकर अपने घर पहुंच गई है। बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। इलाज के बाद अब दो रिपोर्ट निगेटिव आईं। जब बच्ची की मां उसे घर लेकर पहुंची तो सोसाइटी में लोगों ने ताली बजाकर उसका स्वागत किया। हालांकि, बच्ची के पिता और दादा-दादी संक्रमित होने के बाद से अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। अभी उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव ही है। 
211
लखनऊ: बिना दवा के ठीक हुआ मासूम- लखनऊ में एक ढाई साल के मासूम ने कोरोना को मात दी है। बच्चे की मां कनाडा में डॉक्टर है। उसके संपर्क में आने से बच्चा और सास ससुर संक्रमित मिले थे। इसके बाद उसे किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बच्चे में कोरोना के लक्षण नहीं थे, लेकिन रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने बच्चे को दवाई ना देने का फैसला किया। अब बच्चा पांच दिन बाद ठीक होकर घर पहुंच गया। 
311
तमिलनाडु: संक्रमित महिला ने स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म तमिलनाडु से भी एक अच्छी खबर आई है। यहां एक संक्रमित महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। मामला तमिलनाडु के इरोड का है। यहां महिला की सीजेरियन डिलिवरी हुई। बच्चा बिल्कुल स्वस्थ है। इससे पहले दिल्ली के एम्स में भी एक कोरोना पॉजिटिव महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था।
411
उत्तराखंड: चार दिन से कोई मामला सामने नहीं आया - उत्तराखंड से भी राहत भरी खबर आ रही है। यहां रविवार तक पिछले चार दिनों से संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। उत्तराखंड में संक्रमण के 35 मामले सामने आए हैं। इसमें से 5 लोग ठीक भी हो चुके हैं।
511
1100 से ज्यादा लोग हुए ठीक- भारत में अब तक संक्रमण के 9400 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन राहत की बात यह है कि अब तक 1100 से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में सिर्फ 20% मरीज ऐसे हैं, जिन्हें इलाज के दौरान ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। बाकी 80% मरीजों का सामान्य इलाज हो रहा है।
611
केरल : लगातार सुधर रहे आंकड़े- भारत में सबसे पहला मामला केरल में ही सामने आया था। पहले सबसे ज्यादा संक्रमित केसों के मामले में केरल महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर था। लेकिन यहां सबसे ज्यादा लोग ठीक हो रहे हैं। यहां अब तक 179 लोग ठीक हुए हैं। साथ ही नए मामलों में भी कमी आ रही है। केरल में रविवार को सिर्फ 2 नए केस सामने आए हैं।
711
बिहार : रविवार को कोई नया मामला नहीं आया सामने- बिहार में शनिवार तक पिछले तीन दिन में 25 नए मामले आए थे। लेकिन रविवार को कोई मामला सामने नहीं आया। बिहार में अब तक 64 मामले सामने आए हैं। इनमें से 19 ठीक हो चुके हैं। जबकि 1 मरीज की मौत हुई है।
811
ब्रिटेन: 101 साल का बुजुर्ग हुआ ठीक- ब्रिटेन में अभी तक संक्रमण के 84000 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन यहां के वूरसेस्टरशायर से एक राहत भरी खबर आई है। यहां 101 साल के बुजुर्ग ने कोरोना को मात दी है। कीथ वाटसन दो हफ्ते पहले संक्रमित पाए गए थे। लेकिन अब वे ठीक हो चुके हैं।
911
तुर्की : 93 साल की महिला ने दी कोरोना को मात- जहां एक ओर कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों को बताया जा रहा था। वहीं, अब कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां कोरोना को बुजुर्गों ने मात दी है। इसी तरह से तुर्की के इंस्ताबुल में 10 अप्रैल को 93 साल की महिला एली गुंदुज ने कोरोना को मात दी है।
1011
स्पेन : काम पर लौटे लोग- स्पेन में दो हफ्तों के बाद लॉकडाउन में कुछ छूट दी गई है। इसके चलते यहां फैक्ट्री और कंट्रक्शन के काम शुरू हो गए हैं। इसके चलते सोमवार को लाखों लोग काम पर लौट आए। माना जा रहा है कि कंस्ट्रक्शन, वुड, बिल्डर, फर्नीचर, फूड की फैक्ट्रियों को शुरू किया गया है। माना जा रहा है कि इससे यहां आज से करीब 1.7 करोड़ लोग काम पर लौट आए हैं। हालांकि, लॉकडाउन अभी जारी रहेगा।
1111
इटली: घटा मौत का आंकड़ा - खौफ के बीच इटली से भी राहत भरी खबर आई है। यहां मार्च से अब तक रविवार को सबसे कम मौतें हुईं। इटली में जहां हर रोज 800-900 लोगों की मौत हो रही थी, वहीं रविवार को 431 लोगों की मौत हुई। मार्च के बाद अब तक यह सबसे कम आंकड़ा है।
Share this Photo Gallery
click me!
Recommended Photos