Published : Dec 30, 2022, 11:24 PM ISTUpdated : Dec 31, 2022, 08:18 PM IST
Uma Bharti statement: राममंदिर आंदोलन की अग्रणी नेता रहीं उमा भारती के बयान इन दिनों खासा सुर्खियां बटोरे हुए हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बीजेपी को सहमा दिया है तो कई विवादित बयान देकर विपक्ष पर भी हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी की फायर ब्रांड नेता के रूप में मशहूर रहीं उमा भारती इन दिनों राजनीति से दूर हैं लेकिन उनके बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा के विषय बने हुए हैं। पिछड़ी जाति की बड़ी नेताओं में शुमार उमा भारती के 2022 के उन विवादित बयानों के बारे में आईए जानते हैं...
बीते दिनों उमा भारती ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को परेशानी में डाल दिया। दरअसल, मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी बीच पूर्व सीएम उमा भारती ने बीजेपी समर्थकों से कह दिया कि उनको अपने आसपास देखना चाहिए फिर यह तय करना चाहिए कि किस पार्टी को वोट करना है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि लोध जाति के लोगों को अपना हित देखकर ही वोट करना चाहिए। उमा भारती के इस बयान से पार्टी के सीनियर लीडर्स काफी असहज महसूस कर रहे।
25
शराबबंदी के लिए शिवराज सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
उमा भारती मध्य प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग कर रही हैं। वह इसके लिए अपनी ही पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मोर्चा खोली हुई हैं। वह लगातार इस मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेर रही हैं। हाल ही में वह मध्य प्रदेश में शराब पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए एक शराब की दुकान पर पत्थर फेंक कर सुर्खियों में आई थीं।
35
कमलनाथ के समर्थन में खड़ी दिखीं...
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य में हनुमान मंदिर बनवाया है। बीजेपी कमलनाथ को इस मुद्दे पर घेर रही है। लेकिन उमा भारती खुलकर उनके समर्थन में बयान देकर भगवा पार्टी की परेशानी खड़ी कर दी हैं। उमा भारती ने साफ तौर पर कहा कि भगवान राम और हनुमान की भक्ति भाजपा का कॉपीराइट नहीं है।
45
प्रज्ञा सिंह ठाकुर का किया समर्थन
भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के विवादित बयानों की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक नाराज रहते हैं। अभी हाल में प्रज्ञा ठाकुर ने हिंदुओं के घरों में हथियार रखने वाला बयान देकर सुर्खियां बटोरी थीं। हर ओर इसकी आलोचना की गई लेकिन पूर्व सीएम उमा भारती ने खुलकर उनके बयान का समर्थन किया है। उमा भारती ने कहा कि भगवान राम ने भी अपने वनवास के दौरान शस्त्र न छोड़ने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि शस्त्र रखना गलत नहीं है, लेकिन हिंसक विचार रखना गलत है।
55
बेशरम रंग पर सेंसर बोर्ड को ही घेरा
उमा भारती ने फिल्म 'पठान' को लेकर उठे बवाल पर अपना विरोध जरूर जताया लेकिन इसके लिए सेंसर बोर्ड को ही लपेटे में लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के सेंसर बोर्ड को आपत्तिजनक दृश्यों को तुरंत हटाना चाहिए। इसमें राजनीति की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दृश्यों को हटा दिया जाना चाहिए। भारत किसी भी रंग का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। भगवा भारतीय संस्कृति की पहचान है, सेंसर बोर्ड को इन दृश्यों को तुरंत हटा देना चाहिए।
सलमान खुर्शीद पर किया प्रहार
अभी हाल ही में भारत जोड़ो यात्रा की तुलना रामायण से और राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद ने किया। इस पर उमा भारती ने सलमान खुर्शीद पर कटाक्ष किया है। उमा भारती ने कहा कि ब्रह्मांड के भगवान श्री राम की तुलना राहुल गांधी से करना गलत है। वे केवल खुद को उपहास का विषय बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में किसी भी 'जोड़ो यात्रा' की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाजन कांग्रेस में ही अधिक दिखाई देता है। मुझे लगा कि उन्होंने उसे मोहनजो-दारो सभ्यता से खोद कर निकाला है।