आपस में दंगल करती नजर आई फोगाट बहनें, देखिए कुश्ती के अखाड़े में कौन है सबसे दमदार
नई दिल्ली. दंगल गर्ल्स के नाम से मशहूर फोगाट बहनें एक साथ कुश्ती के पोज में फोटो खिंचवाती नजर आई। चारो बहनों ने साथ में ही फोटोशूट कराया, जिसकी फोटो सबसे बड़ी बहन गीता फोगाट ने शेयर भी की है। उन्होंने यह फोटो शेयर करते हुए लिखा पिक्चर के लिए पोज करते हुए। बता दें कि ये चारो बहनें पहलवानी करती हैं। और अपने-अपने स्तर पर धमाल मचा रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देखा जाए तो गीता और बबीता फोगाट अब जाना माना नाम बन चुकी हैं, जबकि संगीता और रितू अभी नेशनल लेवल पर कमाल कर रही हैं। घरेलू लीग में भी फोगाट बहनों का जलवा देखने को मिलता है।
बड़ी बहन गीता ने सबसे पहले इस परंपरा की शुरुआत की थी और राष्ट्रमंडल खेलों में फ्रीस्टाइल पहलवानी में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला बनी थी।
गीता फोगाट ने साल 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वो पहली भारतीय महिला पहलवान हैं, जिन्होंने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था।
2016 में आई फिल्म दंगल, गीता और बबीता की कहानी पर ही आधारित है। इसमें पिता महावीर सिंह फोगाट का भी अहम रोल है, पर बाकी दो बहनों की कहानी नहीं दिखाई गई है।
बबीता फोगाट ने 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर सनसनी मचा दी थी। हालांकि इससे पहले वो 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीत चुकी थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स के अलावा बबीता ने 2012 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया था।
फोगाट परिवार की तीसरी बेटी संगीता फोगाट भी रेसलिंग चैंपियन हैं। वो 59 किलोग्राम वेट कैटेगरी में नेशनल चैंपियन रह चुकी हैं।
बबीता की शादी के बाद इसी साल टोक्यो ओलंपिक खत्म होने पर संगीता भी शादी के बंधन में बंध सकती हैं। संगीता पहलवान बजरंग पूनिया के साथ शादी के बंधन में बंध सकती हैं।
2017 के राष्ट्रमंडल खेलों में फोगाट बहने साथ में मैट पर उतरी थी। हालांकि इसमें बबीता फोगाट शामिल नहीं थी। उनकी जगह चचेरी बहन विनेश फोगाट ने ली थी।
रितु फोगाट ने सिर्फ 8 साल की उम्र से पहलवानी सीखनी शुरू कर दी थी और दसवीं के बाद स्कूल भी छोड़ दिया था। उन्होंने 2016 राष्ट्रमंडल कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।
दिसंबर 2016 में ही रितू सबसे मंहगी महिला पहलवान बनी थी, उनको जयपुर की टीम ने 36 लाख में खरीदा था।