
100 Years Longevity Diet Secret: क्या आप भी चाहते हैं कि आप 100 साल की उम्र में भी बिना लाठी के चलें और बिना चश्मे के न्यूज पेपर पढ़ें? सुनने में किसी जादू जैसा लगता है, लेकिन दुनिया में कुछ ऐसी जगहें हैं, जहां लोग आराम से 100 साल तक जीते हैं। दुनिया के इन खास हिस्सों को साइंटिस्ट 'ब्लू जोन्स' (Blue Zones) कहते हैं। जापान का ओकिनावा (Okinawa) और इटली का सार्डिनिया (Sardinia) ऐसी ही जगहें हैं। सबसे बड़ी बात कि यहां रहने वाले लोग इसके लिए कोई महंगी दवाइयां या प्रोटीन पाउडर नहीं खाते हैं। उनका सीक्रेट उनकी रोज की थाली में छिपा है। आइए जानते हैं ये लोग ऐसा क्या खाते हैं, जो 100-100 साल तक जीते हैं।
बीन्स और देसी दालें (Beans and Lentils)
दुनिया के हर ब्लू जोन में बीन्स को डाइट का हीरो माना जाता है। राजमा, छोले, लोबिया और देसी दालें फाइबर और प्रोटीन का बेहतरीन और सबसे सस्ता स्रोत हैं। रोजाना कम से कम आधा कप बीन्स या दालें खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और शरीर को ताकत मिलती है।
ताजी और जड़ वाली सब्जियां (Fresh and Root Vegetables)
लंबी उम्र जीने वाले लोगों की डाइट का 95% हिस्सा सीधे खेतों से आता है, न कि किसी फैक्ट्री से। इनमें पालक और सरसों जैसी ताजी हरी सब्जियों के साथ-साथ शकरकंद जैसी जड़ वाली सब्जियां शामिल हैं, जो बाजार में आसानी से और सस्ते में मिल जाती हैं।
साबुत अनाज (Whole Grains)
ये लोग मैदे या सफेद ब्रेड जैसी तुरंत शुगर बढ़ाने वाली चीजों से सख्त दूरी बनाकर रखते हैं। इनकी जगह रोजमर्रा के खाने में 100% साबुत अनाज की रोटी, ब्राउन राइस और ओट्स का इस्तेमाल किया जाता है, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं।
मुट्ठी भर मेवे और मूंगफली (Nuts and Peanuts)
हल्की भूख लगने पर पैकेटबंद नमकीन या बिस्किट खाने के बजाय ये लोग स्नैक्स में मूंगफली, बादाम, अखरोट या काजू खाना पसंद करते हैं। रिसर्च में भी पाया गया है कि रोजाना मुट्ठी भर मेवे खाने वालों की उम्र इन्हें न खाने वालों की तुलना में 2-3 साल ज्यादा होती है।
चीनी की जगह ताजे फल (Fresh Fruits)
शतायु यानी 100 साल जीने वाले लोग कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेट वाली मिठाइयों को हाथ भी नहीं लगाते। वे चीनी का इस्तेमाल सिर्फ त्योहारों पर करते हैं। मीठे की तलब बुझाने के लिए वे हमेशा ताजे और मौसमी फलों का सेवन करते हैं।
दिन भर खूब पानी पिएं। सुबह आप बिना चीनी और क्रीम की कॉफी पी सकते हैं और दिन में ग्रीन टी पीना बहुत फायदेमंद है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि डाइट सोडा या कोल्ड ड्रिंक को अपने घर के दरवाजे के अंदर भी न आने दें।