IPL 2020: 5वीं बार खिताब अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी मुंबई, दिल्ली पहली बार फाइनल में

इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का फाइनल मुकाबला आज शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स की टीम चार बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने उतरेगी। इस सीजन में तीन बार मुंबई के सामने आने वाली दिल्ली को हर बार हार मिली है। लिहाजा फाइनल में टीम पूरी तैयारी के साथ आएगी।

Asianet News Hindi | Published : Nov 10, 2020 12:59 AM IST / Updated: Nov 27 2020, 05:33 PM IST

दुबई. इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का फाइनल मुकाबला आज शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स की टीम चार बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने उतरेगी। इस सीजन में तीन बार मुंबई के सामने आने वाली दिल्ली को हर बार हार मिली है। लिहाजा फाइनल में टीम पूरी तैयारी के साथ आएगी।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली की टीम ने शानदार कामयाबी हासिल की है। 13 साल में पहली बार टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई। अब उसका सामना टूर्नामेंट की सबसे सफल और अनुभवी कप्तान रोहित शर्मा की टीम के साथ है। दिल्ली और मुंबई का यह मुकाबला कई मायने में अहम होगा। दिल्ली की टीम पहली बार ट्रॉफी उठाएगी या फिर पांचवीं बार मुंबई इस पर कब्जा कर इतिहास रचेगी।

दिल्ली को धवन की तूफानी बल्लेबाजी पर भरोसा 
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली की नजर अपने पहले खिताब पर है। टीम में बल्लेबाजी की जिम्मेदारी शिखर धवन और अय्यर के कंधों पर है। धवन सीजन में 500+ रन बनाने वाले तीन बल्लेबाजों में शामिल हैं। धवन ने चेन्नई और पंजाब के खिलाफ लगातार दो (101, 106) नाबाद शतक लगाए थे। दोनों दिग्गजों को मुंबई की तेज तर्रार गेंदबाजी से सतर्क रहना होगा।

दिल्ली की ताकत मजबूत गेंदबाजी
सीजन में दिल्ली की ताकत गेंदबाजी ही रही है। टीम को चैम्पियन बनाने के लिए गेंदबाजों को मुंबई की परफेक्ट-11 से पार पाना है। मुंबई की प्लेइंग-11 में 7 नंबर तक बल्लेबाजी है, जो किसी भी बॉलिंग लाइन-अप को बिखेर सकती है। इस बैटिंग लाइन-अप में फॉर्म में चल रहे रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक और सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाज हैं। ऑलराउंडर में हार्दिक और क्रुणाल पंड्या के अलावा कीरोन पोलार्ड हैं।

मुंबई की प्लेइंग इलेवन में जयंत की एंट्री संभव
मुंबई की टीम में दीपक चाहर की जगह ऑलराउंडर जयंत यादव की एंट्री हो सकती है। यदि ऐसा होता है, तो मुंबई की प्लेइंग इलेवन में 8वें बल्लेबाज की और एक बेहतरीन राइट-आर्म ऑफ स्पिनर की एंट्री होगी। इससे टीम और ज्यादा मजबूत होगी, क्योंकि जयंत दिल्ली के लेफ्ट हैंड बैट्समैन के लिए दिक्कत खड़ी कर देंगे।

रबाडा के सबसे ज्यादा 29 विकेट
इस सीजन के टॉप-3 में मुंबई के 2 और दिल्ली का एक बॉलर है। लिस्ट में दिल्ली के कगिसो रबाडा 29 विकेट के साथ टॉप पर काबिज हैं। वहीं, लिस्ट में मुंबई के जसप्रीत बुमराह 27 विकेट के साथ दूसरे और ट्रेंट बोल्ट 22 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

Share this article
click me!