
How to Prepare Soil Before Planting: पौधे तभी तेजी से बढ़ते हैं, जब उनकी जड़ों को पोषक तत्वों से भरपूर और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी मिलती है। कई लोग महंगे खाद और फर्टिलाइजर खरीदते हैं, जबकि घर में मौजूद सूखे पत्ते, प्याज के छिलके और किचन वेस्ट की मदद से भी बेहतरीन ऑर्गेनिक मिट्टी तैयार की जा सकती है। अगर आप भी अपने गार्डन या गमलों के पौधों को स्वस्थ और हरा-भरा रखना चाहते हैं, तो पौधा लगाने से पहले मिट्टी तैयार करने का यह आसान तरीका जरूर अपनाएं।
पौधा लगाने से पहले मिट्टी से पत्थर, प्लास्टिक, खरपतवार और पुरानी जड़ों को निकाल दें। इसके बाद मिट्टी को अच्छी तरह पलटकर भुरभुरी बना लें। हल्की और मुलायम मिट्टी में जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है, जिससे पौधों की ग्रोथ बेहतर होती है।
बगीचे में गिरे सूखे पत्तों को फेंकने की बजाय उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर मिट्टी में मिला दें। समय के साथ ये पत्ते सड़कर प्राकृतिक खाद में बदल जाते हैं। इससे मिट्टी में जैविक पदार्थ बढ़ते हैं, नमी लंबे समय तक बनी रहती है और पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।
प्याज के सूखे छिलके पोटैशियम, कैल्शियम और अन्य सूक्ष्म पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माने जाते हैं। इन्हें सुखाकर पीस लें या कुछ दिनों तक पानी में भिगोकर मिट्टी में मिलाएं। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और पौधों की जड़ों को मजबूत बनने में मदद मिलती है।
ये भी पढे़ं- Monsoon Flower Plants: बारिश में स्वर्ग लगेगा होम गार्डन, लगाएं 6 मानसून फ्लोवर प्लांट
सब्जियों और फलों के छिलके, चायपत्ती, कॉफी ग्राउंड और अंडे के छिलकों जैसे बायोडिग्रेडेबल किचन वेस्ट को कम्पोस्ट बनाकर मिट्टी में मिलाएं। ध्यान रखें कि इसमें तेल, नमक, मांस या डेयरी उत्पाद न डालें। तैयार कम्पोस्ट मिट्टी को पोषक बनाता है और पौधों की स्वस्थ ग्रोथ में मदद करता है।
अगर मिट्टी बहुत भारी है, तो उसमें थोड़ी नदी की रेत और अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं। इससे मिट्टी की जल निकासी बेहतर होती है और जड़ों तक हवा आसानी से पहुंचती है। यह मिश्रण अधिकांश फूल, सब्जी और सजावटी पौधों के लिए उपयुक्त माना जाता है।
ये भी पढ़ें- महंगे कटीले परवल उगाएं घर पर, बीज बोने से लेकर पहली फसल तक पूरी गाइड
मिट्टी तैयार करने के बाद उसे 5–7 दिनों के लिए छोड़ दें, ताकि सभी जैविक तत्व अच्छी तरह मिल जाएं और प्राकृतिक प्रक्रिया शुरू हो सके। इसके बाद पौधा लगाने पर जड़ों को बेहतर वातावरण मिलता है, जिससे पौधा जल्दी स्थापित होता है और लंबे समय तक स्वस्थ एवं हरा-भरा बना रहता है।
Lifestyle News in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle news in Hindi, Fashion news in Hindi, Beauty tips, Relationship advice, Health tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.