
Overnight Hair Waves: लूज कर्ल्स और सॉफ्ट वेवी हेयर आजकल हर लड़की की पसंद बन चुके हैं। ये बालों को नेचुरल वॉल्यूम देने के साथ-साथ पूरा लुक भी ज्यादा स्टाइलिश बना देते हैं। हालांकि कई लोग कर्लिंग मशीन, स्ट्रेटनर और ब्लो ड्रायर का इस्तेमाल करके वेवी हेयर बनाते हैं, लेकिन रोजाना हीटिंग टूल्स का प्रयोग बालों को कमजोर और रूखा बना सकता है। अगर आप बिना बालों को नुकसान पहुंचाए घर पर ही खूबसूरत लूज कर्ल्स पाना चाहती हैं, तो कुछ आसान नो-हीट ट्रिक्स आपकी मदद कर सकती हैं। रात में सोने से पहले अपनाए गए ये तरीके सुबह उठते ही आपको नेचुरल बाउंसी वेव्स दे सकते हैं।
नो-हीट कर्ल्स पाने के लिए बालों को पूरी तरह गीला करना जरूरी नहीं होता। सोने से पहले बालों पर हल्का पानी स्प्रे करें, ताकि उनमें थोड़ी नमी बनी रहे। बहुत ज्यादा गीले बाल सुबह तक फ्रिजी और उलझे हुए दिख सकते हैं। इसके बाद बालों पर थोड़ा लीव-इन कंडीशनर, एलोवेरा जेल या हल्का हेयर सीरम लगाएं। इससे बाल स्मूद रहते हैं और सुबह बनने वाली वेव्स ज्यादा सॉफ्ट और शाइनी नजर आती हैं।
अगर आप नेचुरल वेवी हेयर चाहती हैं, तो रात में ढीली चोटी बनाकर सोना सबसे आसान तरीका माना जाता है। बालों को दो या चार हिस्सों में बांट लें और हल्के हाथों से ब्रेड बनाएं। बहुत ज्यादा टाइट चोटी बनाने से बालों की जड़ों पर दबाव पड़ सकता है। बड़े और सॉफ्ट वेव्स के लिए मोटी चोटी बनाएं, जबकि ज्यादा कर्ली लुक के लिए पतली चोटी बेहतर रहती है। सिल्क स्क्रंची इस्तेमाल करने से बालों में निशान भी कम पड़ते हैं।
कुछ लोगों को चोटी बनाकर सोना पसंद नहीं होता। ऐसे में आप लूज बन हेयरस्टाइल ट्राई कर सकती हैं। इसके लिए बालों को ऊपर की तरफ ट्विस्ट करके हल्का बन बना लें। सुबह बाल खोलने पर उनमें नेचुरल वेव्स और सॉफ्ट कर्ल्स दिखाई देंगे। इसके अलावा कॉटन टी-शर्ट स्ट्रिप्स या सॉफ्ट रोलर्स का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। यह तरीका बिना हीट के बालों को वेवी लुक देने में काफी मदद करता है।
ये भी पढ़ें- Ladder Decor Ideas: पुरानी सीढ़ी से करें डेकोर, इनडोर प्लांट से बुकशेल्फ तक के लिए करें यूज
सुबह उठने के बाद बालों को तुरंत कंघी करने से बने हुए कर्ल्स और वेव्स खराब हो सकते हैं। बेहतर होगा कि आप उंगलियों की मदद से बालों को धीरे-धीरे अलग करें। इससे हेयरस्टाइल ज्यादा नेचुरल और बाउंसी दिखाई देता है। अगर जरूरत हो तो हल्का टेक्सचर स्प्रे या हेयर मिस्ट इस्तेमाल कर सकती हैं, ताकि वेव्स लंबे समय तक सेट रहें और बाल फ्रेश दिखें।
अगर आप चाहती हैं कि नो-हीट कर्ल्स पूरे दिन टिके रहें, तो हल्का हेयर स्प्रे इस्तेमाल करना अच्छा विकल्प हो सकता है। नेचुरल तरीका अपनाना चाहती हैं, तो घर पर बना फ्लैक्ससीड जेल भी यूज कर सकती हैं। यह बालों को स्टिकी बनाए बिना कर्ल्स को होल्ड करने में मदद करता है। इसके अलावा साटन या सिल्क पिलो कवर इस्तेमाल करने से बाल कम उलझते हैं और वेव्स ज्यादा समय तक बनी रहती हैं।
ये भी पढे़ं- Gujarati Home Decor: देसी वाइब्स के साथ लग्जरी फील—गुजराती डेकोर से सजाएं घर का हर कोना
रोजाना हीटिंग टूल्स और टाइट हेयरस्टाइल से बाल कमजोर हो सकते हैं। इसलिए कोशिश करें कि बालों को ज्यादा खींचकर न बांधें। बहुत ज्यादा ड्राई बालों पर पहले हल्का हेयर ऑयल या सीरम जरूर लगाएं। गीले बालों के साथ सोने से स्कैल्प में नमी बनी रह सकती है, इसलिए बाल हल्के सूखे होने चाहिए। सही देखभाल और आसान नो-हीट ट्रिक्स की मदद से आप बिना नुकसान के खूबसूरत लूज कर्ल्स पा सकती हैं।