
Tea-Flour Sieve Cleaning: किचन में छलनी का इस्तेमाल तो आप भी खूब करते होंगे? चाहे चाय छानना हो, दूध स्ट्रेन करना हो या आटा ही क्यों ना छानना हो। लेकिन बार-बार इसका इस्तेमाल करने से उसके ऊपर गंदगी और चिकनाई जमा हो जाती है। जिसे साफ करना भी बहुत मुश्किल होता है। आइए जानते हैं कि कैसे आप इस छलनी को मिनटों में साफ करके एकदम नया जैसा बना सकते हैं...
अगर आपकी चाय छलनी भी बार-बार इस्तेमाल करने से बंद हो गई और उसमें से अब कोई भी चीज स्ट्रेन नहीं हो पा रही है, तो सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी उबाल लें। इसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच डिश वॉश लिक्विड मिलाएं। आप इस पानी में छलनी को 10 से 15 मिनट कर भिगोकर छोड़ दें। इससे जमी हुई चिकनाई और गंदगी नरम हो जाएगी।
पानी में भीगी रहने के बाद छलनी की चिकनाई और गंदगी आसानी से निकल जाएगी। इसके लिए पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल करें। छलनी को हल्के हाथों से रगडे़ं। खासकर जाली वाले हिस्से को ध्यान से साफ करें, क्योंकि वहीं सबसे ज्यादा गंदगी फंसी होती है।
अगर चाय या आटे की छलनी में बहुत ज्यादा गंदगी चिपकी हुई है या चिकनाई है तो आप नींबू और नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं। आधे नींबू पर नमक डालकर धीरे-धीरे से छलनी पर रगड़े। नींबू की खटास और नमक की सफाई शक्ति जिद्दी दाग और चिकनाई को आसानी से हटा देती है।
व्हाइट विनेगर भी छलनी की सफाई के लिए बहुत कारगर होता है। इसके लिए एक पैन में पानी गर्म करें। उसमें दो चम्मच सिरका डालें, इसमें छलनी को 5 से 7 मिनट तक के लिए उबालें। इससे तेल और गंदगी पूरी तरह से निकल जाती है।
आप देखेंगे कि इन चीजों के इस्तेमाल से आपकी छलनी के सारे बंद हुए छेद वापस से खुल जाएंगे और वो नई जैसी चमकने लगेगी। साफ करने के बाद छलनी को साफ पानी से अच्छी तरह से धो लें। सूखे कपड़े से पोंछे या फिर धूप में सुखा लें। इससे उसमें बदबू नहीं आएगी और वो लंबे समय तक साफ रहेंगी। ध्यान रखें कि छलनी का इस्तेमाल करने के तुरंत बाद से पानी से धो लें, ताकि गंदगी जमने का मौका ही ना मिलें। हफ्ते में एक बार इसकी डीप क्लीनिंग जरूर करें।