
कभी-कभी फैशन के नाम पर ऐसी-ऐसी चीजें देखने को मिल जाती हैं कि सिर चकरा जाए। ये चीजें आम आदमी की समझ से तो अक्सर बाहर ही होती हैं। जब फैशन और आर्ट मिल जाते हैं, तो मामला और भी अनोखा हो जाता है। फिर ऐसी चीजों के दाम सुनकर तो अच्छे-अच्छों के होश उड़ जाते हैं। हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक ऐसी ही शर्ट की तस्वीर सामने आई, जिसके बाद लोगों ने कंपनी को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
मामला स्विट्जरलैंड के लग्जरी फैशन ब्रांड Vetements से जुड़ा है। कंपनी ने एक नई सफेद शर्ट लॉन्च की है। इस शर्ट पर एक प्रिंटेड निशान है, जो देखने में बिल्कुल ऐसा लगता है जैसे किसी ने गर्म प्रेस (इस्त्री) रखकर शर्ट जला दी हो। जैसे हम-आप घर पर प्रेस करते हुए गलती से कभी-कभी कपड़े जला देते हैं, ठीक वैसा ही। लेकिन इस शर्ट की कीमत सुनकर आपको तगड़ा झटका लगेगा। इसकी कीमत 1,139 डॉलर यानी करीब 1,03,000 रुपये है!
कंपनी ने इस शर्ट को 'व्हाइट आयरनिंग बर्न ग्राफिक शर्ट' नाम दिया है। यह एक ओवरसाइज्ड शर्ट है, जिसकी छाती की जेब के पास प्रेस से जलने का गहरा निशान बना हुआ है। यह डिजाइन इतना असली लगता है कि कोई भी पहली नजर में धोखा खा जाए।
जैसे ही यह शर्ट ऑनलाइन स्टोर पर बिक्री के लिए आई, किसी ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई। एक ट्वीट को 78 लाख से ज्यादा बार देखा गया और 7 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे रीट्वीट किया।
इसके बाद तो कमेंट्स की बाढ़ आ गई। ज्यादातर लोगों का कहना था कि घर पर होने वाली एक आम गलती के लिए इतनी बड़ी कीमत वसूलना मजाक जैसा है। एक यूजर ने लिखा, "ऐसी कई शर्टें तो मेरे घर में बिना इस्तेमाल के पड़ी हैं, बताओ कितनी चाहिए, फ्री में भेज दूंगा।" एक और यूजर ने कमेंट किया, "ये तो बहुत ही घटिया डिजाइन है।"
हालांकि, कुछ लोगों ने इस डिजाइन का बचाव भी किया। उनका कहना था कि यह कोई गलती नहीं, बल्कि एक सोची-समझी कला है और इसे डिजाइनर की क्रिएटिविटी के तौर पर देखना चाहिए।
Lifestyle articles & tips in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle articles, Relationship tips, Health & beauty tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.