
पटनाः बिहार से एक हैरान करने वाली लव स्टोरी सामने आई है। यहां एक BPSC टीचर ने अपनी ही चचेरी बहन से शादी कर ली है। लेकिन ये कोई आम शादी नहीं है। इस शादी के लिए 22 साल की टीचर नयनश्री ने पहले 8 लाख रुपए का लोन लिया और अपनी कजिन राखी की जेंडर चेंज सर्जरी करवाई। जब राखी, राहुल बन गया तो दोनों ने जमुई के एक मंदिर में सात फेरे ले लिए। नयनश्री 2025 BPSC टीचर भर्ती परीक्षा पास करने के बाद लक्ष्मीपुर ब्लॉक के एक प्राइमरी स्कूल में पढ़ाती हैं। वहीं, राखी की जेंडर चेंज सर्जरी करीब छह महीने पहले दिल्ली के AIIMS में हुई थी, जिसके बाद उसने अपना नाम बदलकर राहुल रख लिया।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने लक्ष्मीपुर के पटेश्वर नाथ मंदिर में शादी की। अब उनकी शादी और उसके बाद की रस्मों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। परिवार वालों का कहना है कि दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं और काफी समय तक साथ में पढ़ाई भी की। दोनों में प्यार था, लेकिन घर में किसी को इसकी भनक तक नहीं थी। वे दोनों चाचा की बेटियां यानी चचेरी बहनें हैं। ग्रेजुएशन के दौरान दोनों एक ही हॉस्टल में रहती थीं। बाद में, 2025 में BPSC परीक्षा की तैयारी के लिए वे पटना चली गईं।
रिश्तेदारों ने बताया कि उनका प्यार 11वीं-12वीं क्लास में ही शुरू हो गया था और पिछले पांच साल से चल रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सर्जरी के लिए नयनश्री ने अपने नाम पर 8 लाख रुपए का बैंक लोन लिया था। वार्ड मेंबर राजेश कुमार ने बताया, "नयनश्री को डर था कि अगर वह जेंडर चेंज सर्जरी कराती है तो उसकी सरकारी नौकरी पर असर पड़ सकता है। इसीलिए उसने राखी से सर्जरी कराने के लिए कहा।" रिश्तेदारों का कहना है कि राहुल के परिवार को इस बारे में कुछ भी पता नहीं था। सर्जरी के बाद करीब एक महीने अस्पताल में रहने के बाद जब वह मई में घर लौटा, तब भी सब अनजान थे।
शादी भी बहुत कम लोगों की मौजूदगी में हुई। राहुल की बहन रेणु कुमारी ने बताया, "वो (राहुल) 31 मई को मोबाइल फोन खरीदने की बात कहकर घर से निकली थी। जब शादी करके लौटी, तब हमें इस बारे में पता चला।" रिश्तेदारों के मुताबिक, रविवार रात को नयनश्री के माता-पिता राहुल के घर पहुंचे और इस शादी का जमकर विरोध किया। आरोप है कि बहस के दौरान उन्होंने घर का गेट भी तोड़ दिया। इसके बाद, दोनों (राहुल और नयनश्री) घर के पिछले दरवाजे से भाग गए। हालांकि, परिवार के कुछ सदस्यों का यह भी कहना है कि यह शादी दोनों की पूरी रजामंदी से हुई है।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.