
औरत-मर्द की बराबरी की बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन आज भी ये हकीकत से कोसों दूर है। 21वीं सदी में भी समाज की सोच में कोई खास बदलाव नहीं आया है, जहां औरतों को गुलाम की तरह देखा जाता है। लेकिन कभी-कभी, कुछ ऐसे लोग ऐसी बातें कह जाते हैं, जिनकी हम उम्मीद भी नहीं करते। सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में एक कंटेंट क्रिएटर ने जब सड़क पर फूल बेचने वाले एक लड़के से महिलाओं पर हो रहे ज़ुल्म के बारे में पूछा, तो उसने ऐसा करारा जवाब दिया कि लोग हैरान रह गए। उस लड़के ने उन मर्दों को जमकर लताड़ा जो औरतों को सिर्फ घर की नौकरानी समझते हैं। साथ ही, उसने उन मर्दों की भी आलोचना की जो डिलीवरी के बाद पत्नी के शरीर में आए बदलावों की वजह से उन्हें धोखा देते हैं या छोड़ देते हैं।
कंटेंट क्रिएटर सोनाली सिंह ने 'औरतों की इज्जत करना इंसान के किरदार का हिस्सा है' कैप्शन के साथ यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में सोनाली क्रोशे (crochet) के फूल बेचने वाले लड़के से पूछती हैं, 'क्या आप इस बात से सहमत हैं कि महिलाओं को दबाया जाता है?' इस पर लड़का तुरंत 'हां' में जवाब देता है। वो यह भी कहता है कि आजकल सोशल मीडिया पर लोग सिर्फ दिखावे के लिए प्यार करते हैं। इस पर सोनाली कहती हैं, 'अगर यही सवाल किसी पढ़े-लिखे, अंग्रेजी बोलने वाले लड़के से पूछा जाता, तो शायद उसका जवाब होता कि महिलाओं को नहीं दबाया जाता।'
लड़का आगे कहता है कि जो मर्द सोचते हैं कि औरतें सिर्फ घर के काम के लिए बनी हैं, वे उन्हें घर के कामों में ही उलझाकर रख देते हैं। उसने उन मर्दों की भी कड़ी आलोचना की जो पार्टनर के शरीर में बदलाव आने पर उन्हें छोड़कर नए रिश्ते बनाने लगते हैं। लड़के का सवाल था, 'किसी का शरीर बदल जाने से क्या प्यार खत्म हो जाता है?' उसने कहा कि इसकी वजह यह है कि मर्दों को डिलीवरी के वक्त महिलाओं को होने वाली तकलीफ का अंदाजा नहीं होता और वे उसकी इज्जत नहीं करते।
सोनाली के इस वीडियो पर हजारों लोग कमेंट कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा है कि पढ़े-लिखे लोग भी इतनी ईमानदारी से जवाब नहीं देते। इस बीच, क्रोशे के फूल बेचने वाला यह लड़का अब एक ऑनलाइन बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहा है। कई लोग उससे फूल खरीदने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.