
नई दिल्ली. भारत में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर आने की आशंका को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें अलर्ट हो गई हैं। हालांकि यह कब आएगी और कितनी घातक होगी, इसका अंदाजा नहीं है, फिर भी विभिन्न राज्य अपने स्तर पर इससे निपटने तैयारियों में जुट गए हैं। संक्रमण को फैलने से रोकने अपने-अपने स्तर पर एक्शन प्लान तैयार कर रहे हैं। ज्यादातर राज्यों ने लॉकडाउन बढ़ा दिया है। वहीं, कई जगह अब और सख्ती बरती जा रही है। कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है। बता दें एक बार फिर पिछले 24 घंटे में 4.12 लाख नए केस मिले हैं। इनमें से 3,979 लोगों की मौत हो गई। हालांकि यह अच्छी बात है कि रिकवरी भी लगातार बढ़ रही है। एक दिन में 3.30 लाख लोग रिकवर हुए हैं। देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 16,25,13,339 हो गया है।
जानिए कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने क्या हैं विभिन्न राज्यों के एक्शन प्लान...
मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में 15 मई तक फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, कड़ाई से जनता कर्फ्यू लगाया जाए। अनंत काल तक हम बंद नहीं रख सकते। लेकिन 18% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट में हम खोल भी नहीं सकते। उन्होंने कहा, गाइड लाइन का सख्ती से पालन करना होगा। अगर गांव में सक्रमण नहीं रोका तो स्थिति भयावह हो जाएगी।
हरियाणा: गृहमंत्री अनिल विज ने बताया-अगर कोई भी मुनाफाखोरी करने की कोशिश करेगा और दवा के ज्यादा पैसे लेगा तो इसके लिए हमने एक हेल्पलाइन बनाई है। इसकी निगरानी खुद DGP कर रहे हैं। इसका नंबर 18001801314 है। इस पर कोई भी फोन करके बता सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। हमने 40-45 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुंबई: मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा-मौजूदा मृत्यु दर पिछले साल की तुलना में कम है। हमने शहर में कोरोना के स्थिति की निगरानी के लिए एक वार रूम बनाया है। हम वार रूम के माध्यम से अस्पताल के बेड की उपलब्धता के बारे में लोगों को सूचित कर रहे हैं।
केरल: मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य में 8 से 16 मई तक फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। इस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी।
बिहार: छपरा सदर अस्पताल और आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने वाले 17 डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सिविल सर्जन डॉ जनार्दन प्रसाद सुकुमार ने बताया, ''अनुपस्थित डॉक्टरों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।''
उत्तर प्रदेश: स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बताया कि प्राइवेट अस्पताल एडवांस पैसा न लें, अगर कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। हमने पहले भी ऐसी शिकायतों पर काफी सख़्ती के कार्रवाई की थी।
महाराष्ट्र: सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा-केंद्र सरकार के वैज्ञानिक निकाय द्वारा COVID19 की तीसरी लहर के बारे में चेतावनी दी गई है। हम पिछले महीने से इसके लिए तैयारी कर रहे हैं। कई जिलों में कोविड मामलों में गिरावट देखी जा रही है, जबकि कुछ जिलों में बढ़ोतरी भी देखी जा रही है। हम इसपर कड़ी नजर रख रहे हैं।
देहरादून: कलेक्टर डॉ. आशीष कुमार ने बताया-अब कर्फ्यू के दौरान निरंजनपुर सब्जी मंडी में आम जनता का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। राशन, सरकारी सस्ता गल्ला और निर्माण कार्य से संबंधित सीमेंट, रेत बजरी आदि की दुकानें भी गुरुवार और शनिवार को मध्याह्न 12 बजे तक खुली रहेंगी।
हिमाचल प्रदेश: प्रदेश में 7 मई 2021 सुबह 6 बजे से 17 मई सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू रहेगा।
झारखंड: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा-राज्य के सभी पत्रकारों को प्राथमिकता के तौर पर कोरोना टीकाकरण अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) को निर्देश दे दिए हैं।
मध्य प्रदेश: इंदौर DSP अजय वाजपेयी ने बताया-2 मई को एक शादी में भीड़ अधिक थी। कोविड गाइडलाइंस का उल्लंघन किया जा रहा था। जिसके चलते दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 188, 34 IPC के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.