
अलीगढ़. दिल्ली में नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश में भी पत्थरबाजी की घटनाएं हुई हैं। यहां धार्मिक स्थल पर लोगों ने पत्थर बरसाए हैं। भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले का सहारा लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। यहां ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र में CAA, NRC और NPR के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा था, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में एक प्रदर्शनकारी को गोली भी लगी है, जिसे अस्पताल ले जाया गया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
AMU की लड़कियों पर लगे रहे हिंसा भड़काने के आरोप
अलीगढ़ के डीएम का कहना है कि हिंसा के पीछे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियों का हाथ है और पुलिस उनकी पहचान करने में लगी है। हालात भी अब काबू में कर लिए गए हैं और हिंसा में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे नुकसान की भारपाई दंगा भड़काने वाले लोगों से ही की जाएगी।
धार्मिक स्थल पर तनाव का माहौल
अलीगढ़ के धार्मिक स्थल पर पत्थरबाजी के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। ऊपरकोट में प्रदर्शन जारी है, जबकि शाजमहल इलाके में हालात बिगड़ गए। तुर्कमान गेट के पास पत्थरबाजी के बाद यहां के हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों की संख्या हजारों में है। दिल्ली में भी चारो तरफ प्रदर्शन जारी है। पुलिस हर जगह हालात को काबू में करने की कोशिश कर रही है, पर प्रदर्शनकारी घरों के अंदर से भी पत्थरबाजी कर रही है।
मौके पर DM और SP मौजूद
अलीगढ़ में हिंसा भड़कने के बाद देलहीगेट और ऊपरकोट इलाके की सभी दुकानों को बंद कर दिया गया है। पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात काबू में करने की कोशिश हो रही है। हालांकि अधिकारियों के लाख समझाने के बाद भी हालात में कोई सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। इलाके के SP और DM आरएएफ फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.