
Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद केंद्र सरकार ने गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों को पाकिस्तान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सीमा सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा भी की जाएगी।
सरकार चाहती है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में सभी दल एकजुट होकर साथ चलें। आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद सभी दलों ने सेना की इस कार्रवाई का समर्थन किया है। इसलिए बैठक में सभी प्रमुख राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है। बता दें कि विपक्ष की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी मौजूद रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Operation Sindoor: पाक गोलीबारी में भारत मां के सपूत का सर्वोच्च बलिदान, पुंछ में 15 भारतीय भी मारे गए
इस अहम बैठक की अध्यक्षता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे, जबकि गृहमंत्री अमित शाह और संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू समेत कई अन्य वरिष्ठ मंत्री भी इसमें शामिल होंगे। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बताया कि सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता इस बैठक में हिस्सा लेंगे। यह सर्वदलीय बैठक संसद भवन परिसर के समिति कक्ष में सुबह 11 बजे शुरू होगी। बैठक की जानकारी संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा की है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि केंद्र सरकार ने 8 मई को नई दिल्ली में सभी दलों की बैठक बुलाई है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के अगले ही दिन भी सरकार ने सर्वदलीय बैठक की थी, जिसमें देश की सुरक्षा स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर सभी प्रमुख नेताओं को जानकारी दी गई थी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.