
नई दिल्ली. ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने राहुल गांधी को वोट कटवा बताया है। गुजरात के अहमदाबाद पहुंचे ओवैसी ने कहा कहा कि राहुल गांधी वायनाड से चुनाव इसलिए जीते, क्योंकि वहां 35% मुस्लिम वोट हैं। ओवैसी ने गुजरात में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया। ओवैसी ने कहा कि 1984 के बाद से गुजरात में कोई मुस्लिम मुख्यमंत्री नहीं है।
राहुल गांधी ने अपनी पारंपरिक सीट खो दी
AIMIM चीफ ओवैसी ने कहा-राहुल गांधी ने अपनी पारंपरिक सीट अमेठी खो दी, हमारे पास उम्मीदवार नहीं था। उन्होंने वायनाड जीता क्योंकि लगभग 35% मतदाता अल्पसंख्यक हैं। वे हमें देखते ही ए टीम, बी टीम, वोट कटर के बारे में सोचते हैं। कोई फर्क नहीं पड़ता, लोग तय करेंगे। ओवैसी ने कांग्रेस पर तंज कसा कि चाहे आप मुस्लिम वोट से हारे हों या गैर मुस्लिम वोट से, लेकिन हार तो हुई है। कांग्रेस के लोगों का भाजपा में शामिल होना उनकी जिम्मेदारी नहीं है। कांग्रेस उनके ऊपर कितने भी आरोप लगा ले, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
गुजरात में चुनाव लड़ने का ऐलान
ओवैसी ने कहा-आने वाले वक़्त में गुजरात विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी हिस्सा लेगी। यहां पर हम कई सीटों पर अपना संगठन मज़बूत कर रहे हैं। कितनी सीटों पर हम चुनाव लड़ेंगे; इसका फ़ैसला हमारी गुजरात यूनिट करेगी। विधानसभा चुनाव हम ताकत से लड़ेंगे।
अगले साल होने जा रहे यूपी चुनाव को लेकर ओवैसी की तैयारी
AIMIM चीफ ने अपने यूपी दौरे के समय एक रैलियों में कहा था कि यूपी में 110 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य अल्पसंख्यक समुदाय(मुस्लिम) की आबादी 30-39% है, जबकि 44 सीटों पर यह 40-49% और 11 सीटों पर 50-65% तक है। यानी ओवैसी का फोकस इन्हीं सीटों पर अधिक है। बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में होने हैं। 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में अभी भाजपा के 309, समाजवादी पार्टी के 49, बसपा के 18 जबकि कांग्रेस के 7 विधायक हैं। ओवैसी ने आरोप लगाया कि यूपी में पिछले तीन साल में किसी मुस्लिम को घर नहीं मिला। वहीं, अब तक 1000 से अधिक साम्प्रदायिक दंगे हो चुके हैं। यूपी में भाजपा के 37 विधायकों पर आपराधिक केस दर्ज हैं।
अतीक अहमद से नहीं मिल सके
गुजरात दौरे पर ओवैसी साबरमती जेल में बंद अतीक अहमद से मिलना चाहते थे, लेकिन जेल प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। प्रशासन ने तर्क दिया कि उससे सिर्फ परिजन ही मिल सकते हैं। बता दें कि ओवैसी पहले ही कह चुके हैं कि उनकी पार्टी को अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे नेताओं को टिकट देने में कोई दिक्कत नहीं है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.