
मुंबई। मुंबई से बेंगलुरु के लिए उड़ान भर रहा आकासा एयर का एक विमान केबिन में जलने की गंध आने के चलते वापस मुंबई लौट गया। भारत के विमानन नियामक डीजीसीए (Directorate General of Civil Aviation) ने शनिवार को यह सूचना दी। विमान के इंजन से पक्षी के टकराने के चलते यह गड़बड़ी हुई थी।
डीजीसीए के एक अधिकारी ने कहा कि डीजीसीए द्वारा घटना की जांच की जा रही है। विमान VT-YAE मुंबई से बेंगलुरु के लिए उड़ान भर रहा था। यह अकासा एयर की उड़ान संख्या AKJ1103 थी। केबिन में जलने की गंध आने के कारण विमान को वापस मुंबई आना पड़ा। पायलट द्वारा थ्रस्ट बढ़ाने पर जलने की गंध तेज हो रही थी। लैंडिंग के बाद जांच की गई तो पता चला कि इंजन से पक्षी टकरा गया था। इंजन नंबर वन में पक्षी के अवशेष मिले। पक्षी के टकराने के चलते ही जलने की गंध आ रही थी।
अकासा एयर ने कहा- यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है
आकासा एयर के जिस विमान से पक्षी टकराया वह बोइंग 737MAX था। अकासा के प्रवक्ता ने कहा कि विमान मुंबई में सुरक्षित रूप से उतरा। सभी यात्रियों को निकालने के बाद विमान की जांच की गई। विमान अब सेवा में वापस आ गया है। हमारी ग्राहक सेवा टीम ने यात्रियों की सहायता की। हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए ईमानदारी से खेद है। अकासा एयर में यात्री सुरक्षा और आराम सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे चालक दल ने सभी प्रोटोकॉल का पालन किया है।
यह भी पढ़ें- Global Hunger Index में 6 अंक फिसला भारत, 2021 के मुकाबले 107 नंबर पर पहुंचा
7 अगस्त को अकासा एयर के पहले विमान ने भरी थी उड़ान
बता दें कि दिवंगत दिग्गज शेयर बाजार निवेशक राकेश झुनझुनवाला ने विनय दुबे के साथ अकासा एयर की स्थापना की थी। अकासा एयर के पहले विमान ने 7 अगस्त 2022 को नई दिल्ली से अहमदाबाद (गुजरात) के लिए पहली उड़ान भरी थी। इसने धीरे-धीरे चेन्नई, बेंगलुरु, कोच्चि तक रूट नेटवर्क का विस्तार किया है।
यह भी पढ़ें- अमूल ने 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई फुल क्रीम दूध की कीमत, चुनाव के चलते गुजरात के लोगों को मिली छूट
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.