
नई दिल्ली. शाहीन बाग में फायरिंग करने वाले कपिल गुर्जर को सदस्यता दिलाने के कुछ घंटों बाद ही भाजपा ने यू टर्न ले लिया। भाजपा ने कपिल गुर्जर की सदस्यता रद्द कर दी। नागरिकता कानून के खिलाफ शाहीन बाग में 105 दिन तक प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए थे। तभी कपिल गुर्जर ने वहां फायरिंग की थी।
बुधवार को गाजियाबाद भाजपा ने कपिल गुर्जर समेत उसके कुछ साथियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद मीडिया में मुद्दा उठाए जाने के कुछ घंटों बाद ही पार्टी ने कपिल गुर्जर को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
क्या कहा BJP ने?
कपिल गुर्जर को लेकर गाजियाबाद भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा, उन्हें कपिल गुर्जर द्वारा शाहीन बाग में गोली चलाने के बारे में जानकारी नहीं थी। हालांकि, जैसे ही मामला पता चला, कपिल गुर्जर की सदस्यता रद्द कर दी गई। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व की ओर से इस मामले में दखल के बाद यह कदम उठाया गया है। कपिल गुर्जर को पार्टी की सदस्यता दिलाने पर उप्र भाजपा और गाजियाबाद जिला अध्यक्ष से जवाब भी मांगा गया है।
आप ने साधा निशाना
उधर, दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने इस मामले में भाजपा पर निशाना साधा। आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में चुनाव के दौरान सिर्फ शाहीन बाग के मुद्दे पर भाजपा ने चुनाव लड़ा था। शाहीन बाग के प्रदर्शन को भाजपा ने कंट्रोल किया। चुनाव से पहले कपिल गुर्जर शाहीन बाग पहुंचा था। शाहीन बाग प्रदर्शन कराने वाले नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अब कपिल गुर्जर की भी पार्टी में एंट्री हो गई।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.