
नई दिल्ली. लोकसभा में शुक्रवार को राहुल गांधी के रेप इन इंडिया बयान पर काफी हंगामा हुआ। राहुल के झारखंड चुनाव रैली में दिए हुए बयान पर भाजपा सांसदों ने जमकर हमला बोला। इस दौरान पश्चिमी चंपारण (बेतिया) से सांसद संजय जायसवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर राहुल पर निशाना साधा।
सदन में हो रहे विवाद के बीच संजय जायसवाल ने कहा, चाणक्य ने कहा था कि विदेशी मां का बेटा कभी भी देशभक्त नहीं हो सकता।
स्मृति ईरानी ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा यह इतिहास में पहली बार है कि कोई नेता स्पष्ट रूप से यह कह रहा है कि भारतीय महिलाओं का बलात्कार किया जाना चाहिए। क्या यह राहुल गांधी का देश के लोगों के लिए संदेश है?
वी वॉन्ट जस्टिस के नारे लगे
लोकसभा में हंगामे के बीच भाजपा सांसदों ने वी वॉन्ट जस्टिस के नारे लगाए। स्मृति ईरानी ने कहा, "राहुल गांधी क्या संदेश देना चाहते हैं। राहुल गांधी ने देश की महिलाओं का अपमान किया है। गांधी खानदान के शख्स का बयान शर्मनाक है। क्या इसके लिए उन्हें दंडित किया जाएगा।"
राहुल ने क्या कहा था?
गुरुवार को झारखंड के गोड्डा में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे राहुल ने कहा, नरेंद्र मोदी ने मेक इन इंडिया का नारा दिया था। लेकिन अब हम कहीं भी देखते हैं, तो हर जगह रेप इन इंडिया नजर आता है। उत्तर प्रदेश में पीएम मोदी के विधायक महिला के साथ दुष्कर्म करते हैं, उसके बाद उसका एक्सीडेंट हो जाता है। मोदी एक शब्द नहीं बोलते।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.