
मुंबई. सुशांत सिंह राजपूत मामले में भाजपा ने महाराष्ट्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता नारायण राणे ने आरोप लगाया कि सुशांत सिंह ने आत्महत्या नहीं की। उसकी हत्या की गई। महाराष्ट्र सरकार किसी को बचाने की कोशिश कर रही है। इसलिए केस पर ध्यान नहीं दे रही है।
उधर, बिहार सरकार ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की है। सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने सीएम नीतीश कुमार से बात करके सीबीआई जांच की मांग की थी। बता दें कि सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि अगर सुशांत के पिता सीबीआई जांच की मांग करते हैं तो वह इसकी सिफारिश करेंगे।
जांच नहीं कर सकती बिहार पुलिस- शिवसेना
सुशांत सिंह मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, बिहार की पुलिस मुंबई में आकर जानकारी ले सकती है, जांच नहीं कर सकती। अगर आप समानांतर जांच करेंगे तो मुझे लगता है कि ये मुंबई पुलिस के साथ अन्याय होगा।
आईपीएस को जबरन क्वारंटीन करने को लेकर बढ़ा विवाद
दरअसल, बिहार एसपी विनय तिवारी सुशांत सिंह केस में जांच करने के लिए मुंबई पहुंचे थे। यहां BMC ने उन्हें जबरन क्वारंटीन कर दिया। बिहार पुलिस ने आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस सुशांत केस में जांच में सहयोग नहीं कर रही है। जबकि बीएमसी का कहना है कि उसने आईपीएस अफसर को केंद्र के नियमों के मुताबिक ही क्वारंटीन किया।
उधर, IPS को क्वारंटाइन किए जाने के खिलाफ BMC को पत्र लिखकर बिहार पुलिस ने आपत्ति जताई है। पुलिस मुख्यालय ने मुंबई के बीएमसी को एक लेटर भी जारी किया है। बिहार पुलिस की तरफ से ये पत्र आईजी संजय सिंह ने लिखा है, जिसमें केस की तफ्तीश के लिए मुंबई गए पटना के सिटी एसपी विनय तिवारी को जबरन क्वांरटाइन करने पर आपत्ति जताई गई है। इससे पहले बिहार डीजीपी ने कहा, बिहार पुलिस के चार अफसर हाउस अरेस्ट किए जाने के डर से मुंबई में छिपे हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.