
BJP slammed AAP government for ban on Chhath Puja on Yamuna River: दिल्ली सरकार द्वारा छठ पूजा पर यमुना नदी के किनारे प्रतिबंध लगाने पर बीजेपी ने हमला बोला है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने यमुना नदी के किनारे छठ पूजा को प्रतिबंधित कर पूर्वांचल व बिहार के लोगों का अपमान किया है। यह लाखों लोगों के आस्था का अपमान है। आप सरकार को इस पर जवाब देना होगा।
व्रत रखने वाले आस्थावान बेहद परेशान
दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने शनिवार को दावा किया कि वह छठ उत्सव का आयोजन करने वाली समितियों के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग किए हैं। उन्होंने बताया कि यमुना के तट पर छठ घाटों की अनुमति नहीं होने से लोग बेहद गुस्से में हैं। तिवारी ने आरोप लगाया कि जो लोग पूर्वांचलियों की एकता से डरे हुए हैं, वे छठ पर्व को अपमानित करने के लिए निशाना बना रहे हैं। पूर्वोत्तर दिल्ली के सांसद ने कहा कि छठ प्रतिबंध के खिलाफ यमुना किनारे उनके आवास पर एक बैठक हुई।
भोजपुरी बोलने वालों का अपमान कर रही सरकार
मनोज तिवारी ने कहा कि वर्षों से यमुना तट पर घाटों पर बिना किसी बाधा के छठ मनाया जाता रहा है। अब क्या हालात हो गए हैं कि नदी के किनारे छठ पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिबंध 50 लाख पूर्वांचलियों (दिल्ली में बसे पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के भोजपुरी भाषी मूल निवासी) का अपमान है जिनके लिए छठ सबसे बड़ा त्योहार है। बैठक में राष्ट्रीय पूर्वांचल महासंघ के अध्यक्ष मनीष सिंह और छठ समितियों के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
केजरीवाल ने कहा-इस बार बड़े पैमाने पर छठ मनाएंगे
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि दो साल के कोरोनावायरस की वजह से लागू प्रतिबंधों के बाद इस बार दिल्ली में छठ बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। आप सरकार ने त्योहार के जश्न के लिए 1,100 स्थानों पर सभी सुविधाओं की व्यवस्था की है। छठ पर्व की व्यवस्था के लिए 25 करोड़ रुपये का कोष अलग रखा गया है।
बिहार व पूर्वांचल के लोगों का विशेष पर्व है छठ
दिवाली के छह दिनों बाद मनाए जाने वाला महापर्व छठ, बिहार और पूर्वांचल के लोगों का सबसे बड़ा त्योहार है। इस त्योहार में सूर्य देव का अर्घ्य दिया जाता है। दुनिया के किसी भी पर्व में डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देने का यह अपने आप में विशेष महापर्व है। चार दिवसीय उत्सव दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचलियों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
यह भी पढ़ें:
सिंगापुर में कोरोना की नयी लहर, XBB सब-वेरिएंट का कहर, नवम्बर तक 15 हजार नया केस रोज
राजीव गांधी के हत्यारे समय से पहले होंगे रिहा? सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई 17 अक्टूबर तक टाली
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.