
नई दिल्ली. मध्य प्रदेश में कांग्रेस के 22 विधायकों की वजह से कमलनाथ सरकार पर संकट है। लेकिन कांग्रेस के लिए यह संकट सिर्फ एक ही प्रदेश में नहीं है। गुजरात में भी विधायकों के इस्तीफे का सिलसिला शुरू हो गया है, जिसका असर वहां से चुने जाने वाले राज्यसभा उम्मीदवार पर पड़ेगा। कांग्रेस विधायक मंगल गावित ने सोमवार की सुबह इस्तीफा दे दिया। अब तक 5 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है।
- कांग्रेस के 5 विधायक प्रवीण मारू, मंगल गावित, सोमाभाई पटेल, जेवी काकड़िया और प्रद्युम्न जडेजा इस्तीफा दे चुके हैं।
4 सीटों पर होना है राज्यसभा चुनाव
गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव होना है। कांग्रेस विधायकों के इस्तीफों के बाद डर है कि क्रॉस वोटिंग हो सकती है। भाजपा ने राज्यसभा के लिए अभय भारद्वाज, रमीवा बेन बारा और नरहरि अमीन को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने शक्ति सिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया है।
एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों के वोट चाहिए
गुजरात से राज्यसभा के लिए 4 सीटों पर चुनाव होना है। एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 37 वोट चाहिए। ऐसे में 74 विधायकों के समर्थन वाली कांग्रेस 2 सीटों पर जीत सकती थी, लेकिन 5 विधायकों के इस्तीफे के बाद दूसरी सीट को जीतना मुश्किल है।
कैसे पता चलता है कि राज्यसभा के लिए कितने वोट चाहिए?
एक विधायक के वोट की वैल्यू 100 होती है। राज्यसभा में चुनाव जीतने के लिए फॉर्मूला है- [(विधायक की संख्या X 100) / (वैकेंसी + 1)] + 1
- उदाहरण मध्य प्रदेश का लेते हैं। इस बार मध्य प्रदेश में 3 सीट के लिए चुनाव होना है। विधायकों की संख्या 206 है। अब फॉर्मूले पर रखने पर 5151 आता है। यानी इतने वोट चाहिए। अब हर विधायक के वोट की कीमत 100 है। तो 100 से भाग देने पर 51.51 आता है, जिसे 52 मान लेते हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.