देश में कोरोनाः अब तक 830 की मौत, 26 हजार संक्रमित; अकेले महाराष्ट्र में 7600 के पार पहुंचे केस

देश में अब तक 26 हजार 529 केस सामने आए हैं। शनिवार को रिकॉर्ड 1926 मामले आए। हालांकि राहत की बात है कि कोरोना संक्रमित 6074 लोग ठीक हो चुके हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, अब तक 830 लोगों की मौत हो चुकी है। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 26, 2020 2:18 AM IST / Updated: Apr 26 2020, 06:27 PM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश में अब तक 26 हजार 529 केस सामने आए हैं। लॉकडाउन के दूसरे फेज के पहले 10 दिन में ही कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई। 15 अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 12 हजार 370 थी, जो 25 अप्रैल यानी शनिवार देर रात बढ़कर 26 हजार के पार पहुंच गई। शनिवार को रिकॉर्ड 1926 मामले आए। यह अब तक एक दिन में नए मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। देश में कोरोना संक्रमित 6074 लोग ठीक हो चुके हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 

शनिवार को महाराष्ट्र में 811, गुजरात में 256, उत्तरप्रदेश में 177, मध्यप्रदेश में 190 और आंध्रप्रदेश में 61 मरीज मिले। वहीं, अब तक 825 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।

6 फीसदी के दर से नए मरीज बढ़े 

इस बीच, शनिवार को एक अच्छी खबर भी आई। अभी तक औसत हर 9.1 दिन में कोरोना के मरीज दोगुने हो रहे थे। शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार 8 बजे के बीच देश में 6 फीसदी की दर से नए मरीज बढ़े। केंद्र सरकार ने यह जानकारी दी। देश में संक्रमण के 100 मामले सामने आने के बाद से किसी एक दिन में मरीजों के बढ़ने की यह सबसे कम दर है।
 
15 और जवान कोरोना पॉजिटिव 

दिल्ली में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 15 और जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक दिन पहले भी 9 जवान संक्रमित पाए गए थे। वहीं, केंद्रीय मंत्री समूह की कोरोना संकट को लेकर शनिवार को बैठक हुई। इसमें देश में एंटीबॉडी रैपिड टेस्ट किट से जांच पर फिलहाल रोक लगाने पर सहमति बनी। सरकार के मुताबिक, अभी देश में मौजूदा क्षमताओं से 15 लाख टेस्ट किए जा सकते हैं है।

प्रभावित राज्यों का हाल 

महाराष्ट्र-  राज्य में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 811 केस सामने आए। इसमें से अकेले 281 मरीज मुंबई में मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 4 हजार 870 जबकि मृतकों का आंकड़ा 191 हो गया है। अब तक कुल 323 लोगों की कोरोना से जान गई है। राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 7628 हो गई है। 

मध्यप्रदेश- राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1945 हो गई है। यहां अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के संक्रमण से सबसे बुरा हाल इंदौर का है। यहां अब तक 1085 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। वहीं, भोपाल में मरीजों की संख्या 388 है। 

उत्तरप्रदेश- यहां पिछले 24 घंटे में 172 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य सरकार ने 30 जून तक प्रदेश में सामूहिक कार्यक्रमों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता जून 2021 तक रोकने का फैसला लिया है। राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1793 है। यहां अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। 

राजस्थान- राज्य में पिछले 24 घंटे में 49 नए केस आए। इनमें सबसे ज्यादा 15 जयुपर में मिले। वहीं, अजमेर में 6 पॉजिटिव मिले। इसमें 10 साल की एक बच्ची भी है। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 2083 है। जबकि अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना संक्रमित 513 लोग ठीक भी हो चुके हैं। जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।  

दिल्ली- यहां पिछले 24 घंटे में 111 मरीज मिले। राज्य के 11 जिले रेड जोन में हैं। यहां संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। अब तक 2625 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि 54 लोगों की मौत हुई है।

Share this article
click me!