
नई दिल्ली. कोरोना संक्रमण को लेकर स्थितियां अब नियंत्रण में आने लगी हैं। पिछले एक दिन में जिस तरह से नये केस कम हुए हैं, उसने राहत की सांस लेने का मौका दिया है। 63 दिन बाद देश में सबसे कम करीब 87 हजार केस आए हैं। इससे पहले 5 अप्रैल को 96 हजार के आसपास केस सामने आए थे। वहीं, मौतें भी सिर्फ 2115 हुईं। यह 46 दिनों बाद सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 22 अप्रैल को 2257 लोगों ने जान गंवाई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दैनिक पॉजिटिविटी रेट अब 4.62% रह गई है।
कोरोना संक्रमण से जुड़े खास घटनाक्रम
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 18,73,485 सैंपल टेस्ट किए गए। कल तक कुल 36,82,07,596 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 33,64,476 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 23,61,98,726 हुआ। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 24.65 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 1.19 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध हैं।
रिकवरी अच्छी होने से एक्टिव केस लगातार कम हो रहे
देश में अब तक 2.89 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 2.73 करोड़ ठीक भी हुए। देश में पिछले 24 घंटे में 1.85 लाख लोग ठीक हुए। इस समय देश में 12.97 लाख सक्रिय केस हैं। यानी इतने लोगों का इलाज चल रहा है। देश में अब तक 3.51 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्यों में रिकवरी अच्छी, 20000 से नीचे केस
यह पहला मौका है, जब देश में किसी भी राज्य में नये केस 20000 को पार नहीं कर सके हैं। सिर्फ तमिलनाडु में 19 हजार नये केस मिले हैं। इसमें से 31 हजार से अधिक ठीक भी हुए। दूसरे नंबर पर कर्नाटक है। यहां एक दिन में करीब 12 हजार केस मिले, जबकि 27 हजार से अधिक ठीक भी हुए। तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र है। यहां 10 हजार से अधिक नये केस मिले, जबकि 21 हजार से अधिक लोग रिकवर हुए। केरल में 9 हजार नये केस मिले, जबकि 22 हजार से अधिक लोग ठीक हुए। ओडिशा में 6 हजार से अधिक केस मिले, जबकि 8 हजार से अधिक ठीक हुए। पश्चिम बंगाल में 5 हजार से अधिक केस मिले, जबकि इसी दौरान 14 हजार से अधिक ठीक भी हुए। आंध्र प्रदेश में 4 हजार केस मिले, जबकि 13 हजार से अधिक लोग ठीक हुए। असम में 3 हजार से अधिक केस मिले, जबकि 4 हजार से अधिक ठीक हुए। तेलंगाना में 2 हजार के करीब केस मिले, जबकि 3500 के आसपास ठीक हुए। छत्तीसगढ़ और पंजाब में 1200 के आसपास केस मिले। बाकी राज्यों में इससे कम केस सामने आए।
Asianet News का विनम्र अनुरोधः आइए साथ मिलकर कोरोना को हराएं, जिंदगी को जिताएं...। जब भी घर से बाहर निकलें मास्क जरूर पहनें, हाथों को सैनिटाइज करते रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। वैक्सीन लगवाएं। हमसब मिलकर कोरोना के खिलाफ जंग जीतेंगे और कोविड चेन को तोड़ेंगे। #ANCares #IndiaFightsCorona
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.