
नई दिल्ली. कोरोना वायरस से पूरी दुनिया दो-दो हाथ कर रही है। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का संकट गहराता जा रहा है। एक ओर इस महामारी के कारण देश में 1400 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, अब तक कुल 47 लोग इससे संक्रमित होने के कारण जान गंवा चुके हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन किया गया है। इस लॉकडान के चलते आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
88 किमी पैदल लेकर चला शव
लॉकडाउन के कारण एक पांच साल के बच्चे की इलाज ना हो पाने के कारण मौत हो गई। जिसके बाद साधन ना मिलने के कारण उसका पिता अपने बेटे के शव को कंधे पर रख कर 88 किलोमीटर पैदल चलकर श्मशान तक ले गया। बता दें कि मृतक का पिता मंचाला मनोहर अनंतपुर के गोरंटला कस्बे में बस स्टैंड के पास एक दुकान में काम करता है। कुछ दिन पहले उसके 5 वर्षीय बेटे देवा के गले में संक्रमण हुआ था। जिसके बाद उसे इलाज के लिए गोरंटला के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।
पैसे और साधन के आभाव में हो गई मौत
जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल में ले जाने की बात कही। लेकिन पैसे की कमी और अस्पताल ले जाने का साधन ना होने के कारण मनोहर अपने बेटे को बड़े अस्पताल नहीं ले जा सका। पैसे और साधन के अभाव में बीमारी से लड़ते हुए देवा की मौत हो गई। जिसके बाद मनोहर अपने बच्चे का शव कंधों पर लेकर श्मशान की ओर चल पड़ा। पिता ने चित्रावती नदी के किनारे अकेले ही अपने बच्चे का अंतिम संस्कार किया।
आंध्र प्रदेश में कोरोना की स्थिति
आंध्र प्रदेश में कोरोना की स्थिति बिगड़ती जा रही है। प्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेज होता जा रहा है। राज्य सरकार ने पुष्टि की है कि प्रदेश में मंगलवार दोपहर तक 17 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 40 हो गई है।
लॉकडाउन का आज 7 वां दिन
कोरोना वायरस से जारी जंग के बीच पीएम मोदी ने तेजी से फैल रहे कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू किया था। लॉकडाउन में सभी राज्यों की सीमाएं सील कर दी गई हैं। परिवहन के सारे साधनों को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही लोगों को घरों में कैद रहने के लिए कहा गया है। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे है और एक-दूसरे के संपर्क में आने से फैल रहे कोरोना के चैन को तोड़ा जा सके।
देश में कोरोना से 1400 संक्रमित
कोरोना वायरस देश के 25 से अधिक राज्यों में तेजी से फैल रहा है। कोरोना की वजह से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश में 1430 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं, जिसमें से 47 मरीजों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र और केरल में कोरोना का संक्रमण से सबसे अधिक है। महाराष्ट्र में 248 तो केरल मे 234 पॉजिटिव मरीज हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी संक्रमण का आंकड़ा 100 तक पहुंच गया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.